नदी में कार गिरने से तीन की मौत: PWD अभियंताओं, गूगल मैप अधिकारी पर मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Nov 2024 09:47 PM
नदी में कार गिरने से तीन की मौत: PWD अभियंताओं, गूगल मैप अधिकारी पर मामला दर्ज

ऑडियो सुनें

बदायूं. बदायूं जिले की दातागंज पुलिस ने रामगंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल से नदी में एक कार गिरने से हुई तीन लोगों की मौत के मामले में सोमवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंताओं और गूगल मैप के एक अधिकारी के खिलाफ लापरवाही के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार दातागंज थाना क्षेत्र की सीमा पर बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के खल्लपुर-दातागंज मार्ग पर निर्माणाधीन रामगंगा पुल पर रविवार को यह हादसा हुआ. रविवार सुबह करीब 10 बजे तीनों कार सवार बरेली से दातागंज (बदायूं जिला) जा रहे थे. पुलिस के अनुसार मार्गदर्शक हेतु वे ‘जीपीएस नेविगेशन’ की मदद ले रहे थे. बाढ़ के चलते पुल का अगला हिस्सा नदी में बह गया था, लेकिन जीपीएस नेविगेशन में यह जानकारी नहीं शामिल की गयी थी. फलस्वरूप अपनी रफ्तार से चल रहे कार सवार पुल से नीचे गिर गए और बड़ा हादसा हो गया.

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान फर्रुखाबाद जिले के निवासियों–नितिन (30) एवं अजीत (30) और मैनपुरी जिले के निवासी अमित (40) के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि नितिन और अजीत भाई हैं. उसने बताया कि तीनों नोएडा से फरीदपुर (बरेली में) एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे.

पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर में बदायूं जिले के दातागंज तहसील के नायब तहसीलदार छविराम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर लोक निर्माण विभाग के चार अधिकारियों– सहायक अभियंताओं (प्रांतीय खंड प्रथम) मुहम्मद आरिफ एवं अभिषेक और अवर अभियंताओं महाराज सिंह और अजय गंगवार के अलावा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दातागंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस प्राथमिकी में गूगल के क्षेत्रीय प्रबंधक की लापरवाही का भी संज्ञान लिया गया है.

दातागंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गौरव बिश्नोई ने बताया कि छविराम की तहरीर पर लोक निर्माण विभाग के चार अभियंताओं के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जिनमें गूगल मैप के क्षेत्रीय अधिकारी को भी जांच के दायरे में लाया गया है. उन्होंने बताया कि गूगल मैप के क्षेत्रीय अधिकारी का नाम नहीं पता है, इसलिए जांच के बाद ही उनका नाम शामिल किया जाएगा. प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दातागंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है.

By Yogesh Kumar Sahu