
इंदौर: इंदौर में विवाह समारोह से लौट रहे लोगों की कार के ट्रक से भिड़ जाने के कारण तीन युवकों की मौत हो गई जबकि नौ व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) जगदीश राठौड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इंदौर-नेमावर रोड पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात डेढ़ बजे के आस-पास हुए हादसे में मारे गए लोगों की पहचान मोहम्मद फरहान (19), आरिश अली (20) और मोहम्मद इरफान (24) के रूप में हुई है। ये सभी कार में सवार थे।
एएसआई ने बताया कि हादसे में घायल नौ लोगों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। राठौड़ ने बताया कि ये लोग इंदौर के रहने वाले हैं और पड़ोसी देवास जिले में विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। एएसआई ने बताया कि हादसे पर आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगाने का प्रयास किया और पुलिस ने उन्हें समझा कर हालात पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।



