गद्दारों ने तेजस्वी और मेरे बीच फूट डालने की कोशिश की : राजद से निष्कासन पर बोले तेजप्रताप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Jun 2025 08:43 PM
गद्दारों ने तेजस्वी और मेरे बीच फूट डालने की कोशिश की : राजद से निष्कासन पर बोले तेजप्रताप
ऑडियो सुनें

पटना. अपने पिता लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाल ही में निकाले जाने पर चुप्पी तोड़ते हुए तेजप्रताप यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि उनके और छोटे भाई तेजस्वी यादव के बीच दरार डालने की “साजिश” रची जा रही है.
पार्टी से निष्कासित किये जाने के एक हफ्ते बाद बिहार के पूर्व मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. तेजप्रताप यादव ने रविवार को दावा किया कि पार्टी में ‘जयचंद’ जैसे कुछ लालची लोग उनके खिलाफ राजनीति कर रहे हैं.

महाभारत के प्रतीकात्मक चित्रण का सहारा लेते हुए यादव ने लिखा, “मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नही हो सकोगे, कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो लेकिन खुद कृष्ण को नहीं. हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा.” तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “बस मेरे भाई भरोसा रखना मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं, फिलहाल दूर हूं, लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा. मेरे भाई मम्मी पापा का ख्याल रखना, जयचंद हर जगह है अंदर भी और बाहर भी.” लालू प्रसाद और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने इससे पहले एक अन्य पोस्ट में लिखा था, “मेरे प्यारे मम्मी पापा…. मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है. भगवान से बढ़कर हैं आप और आपका दिया कोई भी आदेश. आप हैं तो सबकुछ है मेरे पास. मुझे बस आपका विश्वास और प्यार चाहिए, इससे ज्यादा कुछ नहीं.”

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा था, “पापा आप नहीं होते तो ये पार्टी नहीं होती. कुछ जयचंद जैसे लालची लोगों ने मेरे खिलाफ साजिश की. बस मम्मी पापा आप दोनों हमेशा स्वस्थ और खुश रहें.” तेजप्रताप को 25 मई को उनके पिता एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था और उनके साथ सभी पारिवारिक संबंध तोड़ दिए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu