ट्रंप ने 2020 के चुनाव नतीजों को पलटने के प्रयासों का समर्थन करने वाले अधिकारियों को किया माफ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 09:44 PM
ट्रंप ने 2020 के चुनाव नतीजों को पलटने के प्रयासों का समर्थन करने वाले अधिकारियों को किया माफ
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन/न्यूयॉर्क. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को पलटने के रिपब्लिकन समर्थकों के प्रयासों का समर्थन करने के आरोपी अपने पूर्व निजी वकील रुडी गिउलिआनी, पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मीडोज और अन्य को माफ कर दिया है. न्याय विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.

ट्रंप प्रशासन के क्षमादान मामलों से जुड़े अधिवक्ता एड मार्टिन ने आरोपियों को “पूर्ण और बिना शर्त” माफी दिए जाने से जुड़ी हस्ताक्षरित घोषणा सोशल मीडिया पर पोस्ट की. इसमें गिउलिआनी और मीडोज के साथ-साथ रूढि.वादी वकील सिडनी पॉवेल और जॉन ईस्टमैन के नाम भी शामिल हैं. घोषणा में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह क्षमादान ट्रंप पर लागू नहीं होगा.

राष्ट्रपति की ओर से दी जाने वाली माफी केवल संघीय अपराधों पर लागू होती है और किसी भी सहयोगी पर संघीय मामलों में आरोप नहीं लगाया गया था. ऐसे में इस कदम को 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के इतिहास को फिर से लिखने के ट्रंप के ताजा प्रयासों के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें उन्हें डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. इस घटनाक्रम पर व्हाइट हाउस (अमेरिका का राष्ट्रपति कार्यालय) की ओर से फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं आई है.

ट्रंप भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत र्सिजयो गोर के शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करेंगे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत में अमेरिका के राजदूत र्सिजयो गोर के शपथ ग्रहण समारोह की सोमवार को अध्यक्षता करेंगे. ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) द्वारा जारी राष्ट्रपति के कार्यक्रम के अनुसार, ”राष्ट्रपति ‘ओवल ऑफिस’ में भारत गणराज्य के राजदूत के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे.” अमेरिकी सीनेट ने अक्टूबर में भारत में अगले अमेरिकी राजदूत के रूप में गोर के नाम की पुष्टि की थी. अगस्त में ट्रंप ने राष्ट्रपति कार्मिक निदेशक गोर को भारत में अगले अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विशेष दूत के रूप में पदोन्नत किया था.

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा है कि गोर, ट्रंप के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक हैं और नयी दिल्ली में सेवा देने के लिए उनके नामांकन को द्विपक्षीय संबंधों के महत्व और प्राथमिकता के संकेतक के रूप में देखा जाता है. क्वात्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ”मैं स्वागत करता हूं कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक, गोर को भारत में अगले अमेरिकी राजदूत के रूप में सेवा करने के लिए भेज रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu