जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सैन्य शिविर के बाहर गोलीबारी, दो नागरिकों की मौत

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार सुबह सैन्य शिविर के बाहर गोलीबारी की घटना में दो आम नागरिकों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. सेना ने गोलीबारी और आम नागरिकों के हताहत होने की घटना के लिए ‘‘अज्ञात आतंकवादियों’’ को जिम्मेदार ठहराया है जबकि अधिकारियों ने पहले कहा था कि सेना के एक संतरी ने कथित रूप से गोलीबारी की जिससे लोग हताहत हुए.

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और सेना के शिविर के अल्फा गेट के बाहर हुई हत्याओं के विरोध में शिविर पर पथराव किया. गुस्साए स्थानीय लोगों ने जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर दिया और घटना के संबंध में जांच की मांग की. गुस्साए स्थानीय लोगों को शांत कराने के लिए वरिष्ठ असैन्य एवं पुलिस अधिकारी मौके पर हैं. उन्होंने कहा कि घटना सुबह करीब सवा छह बजे हुई जब स्थानीय लोगों का एक समूह काम के लिए सैन्य शिविर के अल्फा गेट के पास जा रहा था.

अधिकारियों ने मृतकों की पहचान कमल कुमार और सुंिरदर कुमार के रूप में की है. दोनों ही राजौरी के निवासी थे और घायल अनिल कुमार उत्तराखंड का निवासी है जिसका सेना के अस्पताल में इलाज चल रहा है. सेना के ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया, ‘‘सैन्य अस्पताल के पास राजौरी में सुबह अज्ञात आतंकवादियों की गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई है. पुलिस, सुरक्षा बल और नागरिक प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.’’ अधिकारी ने कहा कि शहर में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button