उत्तर-पूर्व दिल्ली में इमारत ढह जाने से दो लोगों की मौत, एक अन्य घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 21 Mar 2024 12:09 PM
उत्तर-पूर्व दिल्ली में इमारत ढह जाने से दो लोगों की मौत, एक अन्य घायल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: उत्तर-पूर्व दिल्ली के वेलकम इलाके में एक इमारत ढह जाने से एक जींस कारखाने के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जींस कारखाने के तीनों कर्मचारी दो मंजिला इमारत के भूतल पर काम कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) जॉय टिर्की ने बताया, ‘‘देर रात 2.16 बजे दो मंजिला इमारत के गिर जाने की सूचना मिली। यह एक पुरानी इमारत थी।’’ उन्होंने कहा कि इस भवन की पहली मंजिल खाली थी और भूतल पर जींस का कपड़ा काटने का काम हो रहा था।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे में दबे तीन कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया।’’ मृतकों की पहचान अरशद (30) और तौहीद (20) के रूप में की गई है। घायल रेहान (22) का इलाज जीटीबी अस्पताल में किया जा रहा है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के गीता कॉलोनी के स्टेशन अधिकारी अनूप ंिसह ने कहा कि घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान के लिए दमकल विभाग की चार गाड़िया भेजी गई हैं।

उन्होंने कहा, ”जब हम घटनास्थल पर पहुंचे तो हमने देखा कि वहां एक इमारत ढह गई, जिसमें कुछ लोग दब गए हैं। हमने तीन लोगों को वहां से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।’’ कबीर नगर के पार्षद हाजी जरीफ ने कहा कि वह घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की गाड़ियां और दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा कि इमारत ढहने से वहां तीन लोग फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आॅल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता शोएब जमुई ने सुबह घटनास्थल का दौरा किया।

उन्होंने कहा, ”हम इस घटना पर राजनीति नहीं करना चाहते। लेकिन इस घटना में लोगों की मृत्यु हुई है और इसलिए इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।” पुलिस ने बताया कि इमारत के मालिक की पहचान शाहिद के रूप में हुई है और उसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav