यूक्रेन ने रूस के दो सैन्य विमानों को मार गिराने का किया दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 07:35 PM
यूक्रेन ने रूस के दो सैन्य विमानों को मार गिराने का किया दावा
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन के सैन्य प्रमुख वालेरी जालुझनी ने सोमवार को दावा किया कि उनके देश की वायु सेना ने एक रूसी बेरीव ए-50 पूर्व चेतावनी एवं नियंत्रण विमान और एक आईएल-22 कमान केंद्र विमान को मार गिराया है. रूसी सैनिकों को युद्ध क्षेत्र में इस तरह के विमान काफी मदद कर रहे हैं. रूस के दो विमानों को मार गिराया जाना, करीब दो साल से जारी युद्ध में यूक्रेन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि अग्रिम मोर्चे पर वह ख.ंदक और तोपों के इस्तेमाल वाली लड़ाई में उलझा हुआ है.

जालुझनी ने यह नहीं बताया कि रूसी विमानों को किस तरह मार गिराया गया. यूक्रेन ने पश्चिमी सहयोगी देशों से आधुनिक हवाई रक्षा प्रणालियां हासिल की हैं. उन्होंने यह भी नहीं बताया कि इन विमानों को कहां रोका गया, हालांकि उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में एक वीडियो संलग्न किया जिसमें एक विमान ट्रैकर दो लक्ष्यों को दिखा रहा है जो अजोव सागर के ऊपर लापता होते नजर आ रहे हैं. अजोव सागर, यूक्रेन और रूस के बीच स्थित है.

मास्को से तत्काल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है. रूस-यूक्रेन युद्ध के कई ब्लॉगर ने कहा कि दोनों विमानों ने आपस में ही एक-दूसरे को निशाना बना डाला, हालांकि उन्होंने इसका कोई साक्ष्य नहीं दिया है. उन्होंने दावा किया कि आईएल-22 क्षतिग्रस्त हो गया लेकिन उतरने में सफल रहा.

ए-50, एक पूर्व चेतावनी एवं नियंत्रण विमान है जिसमें लगा एक बड़ा रडार 650 किलोमीटर की दूरी से हवाई लक्ष्य निर्धारित करने में सक्षम है. इसके चालक दल में 15 सदस्य होते हैं. रूसी वायु सेना ऐसे नौ विमानों के एक बेड़े का कथित तौर पर परिचालन कर रही है.
वहीं, आईएल-22 एक हवाई कमान पोस्ट है जो सैन्य अभियानों की निगरानी करता है और अग्रिम मोर्चे पर मौजूद सैनिकों को रेडियो सिग्नल भेजता है. रूसी वायु सेना में इस तरह के कथित तौर पर एक दर्जन विमान हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu