उप्र: लड़की के माता-पिता को जान से मारने की धमकी देने वाला युवक हिरासत में लिया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 02 Sep 2022 07:41 PM
उप्र: लड़की के माता-पिता को जान से मारने की धमकी देने वाला युवक हिरासत में लिया गया
ऑडियो सुनें

बागपत. उत्तर प्रदेश के बागपत में एक युवक ने एक लड़की के माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मुस्लिम युवक को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है. बागपत के पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने शुक्रवार को बताया कि 31 अगस्त को लड़की के पिता ने थाना खेकड़ा में लोनी (जनपद गाजियाबाद) निवासी रहीश के खिलाफ शिकायत दी कि आरोपी उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर जान से मारने और उनकी बेटी की आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

जादौन ने बताया कि इससे पहले लड़की के परिजनों ने इस साल 30 मई को थाना खेकड़ा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. कुछ दिनों बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया था और उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया था. उन्होंने बताया कि अदालत में लड़की ने बयान दिया था कि वह खुद ही घर से चली गई थी तथा उसके साथ किसी ने भी गलत बर्ताव नहीं किया. इसके बाद लड़की को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था और 17 जुलाई को अदालत में अंतिम रिपोर्ट पेश कर दी गई थी.
जादौन ने बताया कि यह भी पता चला है कि इससे पहले भी लड़की आरोपी युवक के साथ घर से चली गई थी, लेकिन इस मामले में लड़की के परिजनों द्वारा पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी गई थी, क्योंकि बाद में वह खुद घर आ गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu