उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा : कांग्रेस ने जवाबदेही तय करने का किया आह्वान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jun 2025 08:10 PM
उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा : कांग्रेस ने जवाबदेही तय करने का किया आह्वान

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/देहरादून. उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर दुर्घटना के मद्देनजर कांग्रेस ने रविवार को ऐसी घटनाओं में जवाबदेही तय करने का आह्वान किया तथा केंद्र और राज्य सरकार से इनकी जांच करने का आग्रह किया. उत्तराखंड में केदारनाथ के पास रविवार को एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार छह श्रद्धालुओं समेत सात लोगों की मौत हो गयी.

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह दुर्घटना गौरीकुंड के जंगलों के ऊपर हुई. इस दुर्घटना में मरने वालों में पायलट और एक शिशु भी शामिल है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर बेहद पीड़ादायक है. पायलट समेत सात यात्रियों की मृत्यु हुई है. पीड़ितों के परिवारजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं. दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिजनों को भगवान शक्ति प्रदान करे.”

उन्होंने कहा, ”पिछले छह सप्ताह में ये पांचवां ऐसा हेलीकॉप्टर हादसा है. इन हादसों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. राज्य और केंद्र सरकार से अपील है कि इन हादसों की जांच हो और सही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए.” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य सरकार से अपील की कि सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”गौरीकुंड, उत्तराखंड में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. भगवान केदारनाथ दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.” कांग्रेस सांसद ने कहा, ”चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से यह 5वीं हेलीकॉप्टर दुर्घटना है. राज्य सरकार से अपील है कि सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.”

केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसे के लिए सरकार की ‘लचर और लापरवाह’ हवाई सेवा नियमावली जिम्मेदार -कांग्रेस

कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई ने रविवार को केदारनाथ के पास हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना को ‘अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि इसके लिए राज्य सरकार की लचर और लापरवाह हवाई सेवा नियमावली जिम्मेदार है. यहां जारी एक बयान में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदेश में चारधाम यात्रा शुरू हुए अभी एक माह और कुछ दिन ही हुए हैं लेकिन पांच हेलीकॉप्टर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं . उन्होंने कहा, “आज हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर है जो अत्यंत दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण है . इसके लिए पूरी तरह से उत्तराखंड की भाजपा सरकार की लचर व लापरवाह हवाई सेवा नियमावली जिम्मेदार है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu