
देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड में ऋषिकेश, भानियावाला के बीच सात मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन बनाए जाने के लिए वृक्षों की कटाई का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि वह इस मुददे को संसद में उठाएंगे। देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शुक्रवार रात सात मोड़ क्षेत्र से गुजरते वक्त गांधी को रोककर प्रदर्शनकारियों ने उनसे उनकी आवाज उठाने का अनुरोध किया जिस पर कांग्रेस नेता ने उन्हें यह भरोसा दिया।
प्रदर्शनकारियों की बातें ध्यान से सुनने के बाद गांधी ने कहा, ”संसद सत्र शुरू हो रहा है और आप लोग इस पर एक नोट लिखकर मुझे दे दीजिए।” लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को निर्देश दे रहे हैं और वह उनके संपर्क में रहेंगे। इससे पहले, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ों को काटे जाने का विरोध कर रहे हैं लेकिन सरकार द्वारा उनकी बात सुने जाने की बजाय उन्हें मौके से उठाकर पुलिस थानों में ले जाया जा रहा है और उन पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि यह हाथी गलियारा है और पेड़ काटे जाने से वह तथा अन्य वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित होगा। राजाजी राष्ट्रीय पार्क के संवेदनशील हाथी गलियारे से होकर गुजरने वाली करीब 20 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-भानियावाला परियोजना के लिए करीब 3000 पेड़ों को काटा जाना प्रस्तावित है। पिछले कई दिनों से चल रहे प्रदर्शन के बीच पुलिस बल की मौजूदगी में पेड़ों की कटाई का काम जारी है।



