वयोवृद्ध तेलुगू अभिनेता कैकाला सत्यनारायण का निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Dec 2022 07:18 PM
वयोवृद्ध तेलुगू अभिनेता कैकाला सत्यनारायण का निधन
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/नयी दिल्ली. खलनायक और अन्य चरित्र भूमिकाओं के लिए लोकप्रिय रहे वयोवृद्ध तेलुगू अभिनेता कैकाला सत्यनारायण का शुक्रवार को यहां वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया. वह 87 साल के थे. फिल्मोद्योग के सूत्रों ने बताया कि सत्यनारायण पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. सत्यनारायण ने करीब छह दशक के अपने फिल्मी करियर के दौरान 700 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया.

कुछ समय के लिए राजनीतिक पारी खेलने वाले सत्यनारायण तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद भी रहे. तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, आंध्रप्रदेश के उनके समकक्ष वाई एस जगनमोहन रेड्डी, तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, मशहूर तेलुगू अभिनेता तथा तेदेपा विधायक एन बालकृष्ण और कई अन्य नेताओं एवं फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने तेलुगू अभिनेता कैकाला सत्यनारायण के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को तेलुगू अभिनेता कैकाला सत्यनारायण के निधन पर शोक जताया और कहा कि अपने उत्कृष्ट अभिनय कौशल के लिए वह हर पीढ़ी के बीच लोकप्रिय थे. मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रख्यात फिल्मी हस्ती कैकाला सत्यनारायण गारू के निधन से दुखी हूं. वह अपने उत्कृष्ट अभिनय कौशल  और विविध भूमिकाओं के लिए हर पीढ़ी के बीच लोकप्रिय थे. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu