वेव्स 2025: आलिया, दीपिका और शाहरुख समेत कई सितारे दिखाई दिए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 May 2025 09:18 PM
वेव्स 2025: आलिया, दीपिका और शाहरुख समेत कई सितारे दिखाई दिए
ऑडियो सुनें

मुंबई. वेव्स शिखर सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर बृहस्पतिवार को आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, शाहरुख खान समेत कई अन्य मशहूर सितारों की उपस्थिति देखने को मिली. भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के मकसद से चार दिवसीय इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में दुनिया भर से निर्माता, फिल्म जगत से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाया जा रहा है.

दीपिका इस शिखर सम्मेलन में फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता द्वारा डिजाइन किए गए सलवार सूट में पहुंचीं. मसाबा ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ”दीपिका हाथ से बुना हुआ सूती सेट पहनती हैं, जिस पर ‘पान फूल’ और ‘सोन वृक्ष’ की हाथ से की गई नाजुक कढ़ाई है.” अपने परिधान के साथ आलिया ने महाराष्ट्र दिवस मनाया और उन्होंने मराठी शैली में पैठणी साड़ी पहनी थी.
महाराष्ट्र दिवस, 1960 में राज्य के गठन की याद दिलाता है.

अभिनेत्री अपने पति और ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिवा’ के अपने सह-कलाकार रणबीर कपूर के साथ यहां पहुंचीं. शाहरुख ने काले रंग की जैकेट और पैंट पहनी थी, जबकि आमिर खान ने भी काले रंग के कपड़े पहने थे. वेव्स 2025 के पहले सत्र का संचालन करने वाले अक्षय कुमार ने भूरे रंग का सूट पहना हुआ था. सैफ अली खान सफेद रंग के कपड़ों में पहुंचे, जबकि उनकी बेटी सारा अली खान आइवरी सलवार-सूट में नजर आईं. पूरी तरह सफेद सूट पहने शाहिद कपूर के साथ उनकी पत्नी मीरा राजपूत भी थीं. अभिनेत्री हेमा मालिनी पीले रंग की रेशमी साड़ी में नजर आईं, जबकि निमरत कौर ने बैंगनी रंग की साड़ी पहनी थी.

‘वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट’ (वेव्स) फिल्मों, ओटीटी (ओवर द टॉप), गेमिंग, कॉमिक्स, डिजिटल मीडिया, एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता), एवीजीसी-एक्सआर (एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स – एक्सटेंडेड रियलिटी), प्रसारण एवं उभरती हुई तकनीक को एक मंच प्रदान करेगा और खुद को भारत के मीडिया एवं मनोरंजन कौशल के व्यापक प्रदर्शन के रूप में पेश करने का प्रयास करेगा. शिखर सम्मेलन का उद्देश्य 2029 तक 50 अरब अमेरीकी डॉलर के बाजार को सबके लिए खोलना तथा वैश्विक मनोरंजन अर्थव्यवस्था में भारत की उपस्थिति का विस्तार करना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu