WFI का UWW से निलंबन हटाने का आग्रह, सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 28 जनवरी से

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Dec 2023 09:54 PM
WFI का UWW से निलंबन हटाने का आग्रह, सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 28 जनवरी से
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की नवनियुक्त संस्था ने शुक्रवार को विश्व संचालन संस्था यूडब्ल्यूडब्ल्यू से उस पर लगा निलंबन हटाने का आग्रह किया और इसके साथ ही घोषणा की कि सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 28 जनवरी से महाराष्ट्र के अहमदनगर में खेली जाएगी. महासंघ का कार्यभार संभालने के एक दिन बाद अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि प्रतियोगिताओं की बहाली नई संस्था की प्राथमिकता होगी.

महासंघ के नए पदाधिकारियों ने गुरुवार को चुनाव जीतने के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश के गोंडा में अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन करने का फैसला किया था. संजय सिंह ने पीटीआई से कहा,” हमने आज यूडब्ल्यूडब्ल्यू को पत्र लिखकर डब्ल्यूएफआई पर लगाया गया प्रतिबंध हटाने के लिए कहा क्योंकि लोकतांत्रिक तरीकों से चुनाव संपन्न हो गए हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि निलंबन जल्द ही समाप्त हो जाएगा.” यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने सही समय पर चुनाव नहीं कराने के कारण 23 अगस्त को डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया था.

संजय सिंह ने कहा,”जूनियर और सीनियर दोनों वर्ग के पहलवानों को प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं होने से पिछले कुछ महीनो में काफी नुकसान हुआ. हमारी प्राथमिकता प्रतियोगिताओं को फिर से शुरू करना है. हम इस दिशा में काम कर रहे हैं.” उन्होंने कहा,”सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी महाराष्ट्र करेगा. राज्यों ने पहले ही सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए अपने ट्रायल्स की घोषणा कर दी है.” वर्ष 2023 में अंडर-23 चैंपियनशिप के अलावा किसी अन्य राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन नहीं किया गया.

बृजभूषण शरण सिंह पैनल के 13 सदस्यों ने चुनाव में जीत दर्ज की. उन्होंने गुरुवार को शहर के एक होटल में बैठक की थी. नवनियुक्त महासचिव प्रेमचंद लोचब और उपाध्यक्ष देवेंदर सिंह कादियान ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया. महासंघ की पहली आम सभा 11 या 12 जनवरी को नई दिल्ली में होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu