भाजपा विधायक के शिंदे के खिलाफ दावे पर किसी जांच एजेंसी ने कार्रवाई क्यों नहीं की: उद्धव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Feb 2024 08:24 PM
भाजपा विधायक के शिंदे के खिलाफ दावे पर किसी जांच एजेंसी ने कार्रवाई क्यों नहीं की: उद्धव
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को सवाल किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक गणपत गायकवाड के इस दावे के बाद किसी जांच एजेंसी ने कार्रवाई क्यों नहीं की कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर उनके करोड़ों रुपये बकाया हैं.

रत्नागिरि जिले के राजापुर तहसील में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि वह गणपत गायकवाड के कृत्य का समर्थन नहीं करते, जिन पर शुक्रवार को ठाणे जिले के एक पुलिस थाने के अंदर शिवसेना के एक नेता पर गोलीबारी करने का आरोप है, लेकिन भाजपा विधायक के दावे को आसानी से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. गणपत गायकवाड ने गोलीबारी की घटना के सिलसिले में अपनी गिरफ्तारी से पहले शुक्रवार को कहा कि यदि शिंदे मुख्यमंत्री बने तो महाराष्ट्र में केवल अपराधी पैदा होंगे.

विधायक ने एक समाचार चैनल से कहा, ”शिंदे साहब ने उद्धव को धोखा दिया. वह भाजपा को धोखा देंगे. उन पर मेरे करोड़ों रुपये बकाया हैं. यदि महाराष्ट्र को अच्छी तरह से चलाना है तो शिंदे को इस्तीफा दे देना चाहिए.” ठाकरे ने सोमवार को रैली के दौरान सवाल किया, ”जब भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई.” महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि विधायक ने कहा है कि उनके करोड़ों रुपये शिंदे के पास फंसे हुए हैं. ठाकरे ने कहा, ”यदि यह सच है, तो किसी जांच एजेंसी ने कार्रवाई क्यों नहीं की? मैं चाहता हूं कि लोग वोट देने से पहले सोचें.”

उन्होंने कहा, ”यदि केंद्र सरकार (झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत) सोरेन और (दिल्ली के मुख्यमंत्री) केजरीवाल के घरों पर जांच (एजेंसी) के अधिकारियों को भेज सकती है, तो ऐसी तेजी दिखाते हुए शिंदे के आवास पर छापा क्यों नहीं मारा गया?” ठाकरे ने कहा कि वह सत्तारूढ़ भाजपा के समर्थकों से पूछना चाहते हैं कि यदि उनके अपने विधायकों के मुद्दों को सरकार द्वारा हल नहीं किया जा रहा है, तो वे पार्टी का समर्थन क्यों कर रहे हैं.

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और दावा किया, ”मैं प्रधानमंत्री मोदी को अपने दुश्मन के रूप में नहीं देखता हूं, लेकिन वह मुझे वैसा (दुश्मन) मानते हैं. उन्होंने मेरी पार्टी में टूट करायी और पार्टी चुरा ली. दिवंगत बालासाहेब ठाकरे ने एक मुश्किल समय में उनकी मदद की थी लेकिन अब मोदी एक चोर की मदद कर रहे हैं और उसे राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया है.” ठाकरे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होने और धनशोधन मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया, ”यहां तक कि मेरे शिवसेना नेताओं को भी निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उनमें से कोई भी उन्हें समर्थन नहीं दे रहा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu