IPL के बाद WTC फाइनल खेलना चुनौतीपूर्ण होगा: द्रविड

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Mar 2023 07:05 PM
IPL के बाद WTC फाइनल खेलना चुनौतीपूर्ण होगा: द्रविड
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सोमवार को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के खत्म होने के एक सप्ताह के अंदर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल खेलना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती होगी.  भारत ने विराट कोहली और शुभमन गिल की शतकीय पारियों से अहमदाबाद टेस्ट ड्रॉ कराकर चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर श्रृंखला को 2-1 से अपने नाम किया. घरेलू श्रृंखला में भारत की यह लगातार 16वीं जीत है.

इस मुकाबले के आखिरी दिन पहले सत्र के खेल के बाद ही भारतीय टीम के डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की मुहर लग गयी थी.
क्राइस्टचर्च में श्रीलंका पर न्यूजीलैंड की दो विकेट की रोमांचक जीत के साथ ही भारत का विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल का टिकट पक्का हो गया था. श्रीलंका को अपनी उम्मीदों का बनाये रखने के लिए दो मैचों की श्रृंखला को 2-0 से जीतना था.
द्रविड़ ने डब्ल्यूटीसी फाइनल को ‘चुनौती’ करार देते हुए कहा कि टीम को इसके लिए बेहतर योजना बनानी होगी.

उन्होंने टेस्ट मैच के बाद आधिकारिक प्रसारक’ ‘स्टार स्पोर्ट्स’ कहा, ‘‘हमने लंच के समय इसके लिए क्वालीफाई किया. मैं चीजें स्पष्ट होने से पहले कुछ कहने से बचता हूं. हम इसका जश्न मनायेंगे. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि डब्ल्यूटीसी फाइनल से सिर्फ एक सप्ताह पहले आईपीएल का फाइनल है. हम इसके बारे में सोचेंगे. ’’ डब्ल्यूटीसी फाइनल लंदन के ओवल मैदान पर सात से 11 जून तक खेला जायेगा. आईपीएल एक जून को खत्म होगा.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस श्रृंखला में टीम की वापसी करने के जज्बे से प्रभावित द्रविड ने कहा, ‘‘ जब भी हम पर दबाव हावी हुआ हमने सटीक तरीके से जवाब दिया. इस टीम को कोंिचग देने के संबंध में यह एक खुशी की बात है.’’ श्रृंखला में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन के लिए रविचंद्रन अश्विन और रंिवद्र जडेजा को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द सीरीज चुना गया. अश्विन ने 25 विकेट लेने के साथ बल्ले से 86 रन का योगदान दिया जबकि जडेजा ने 22 विकेट चटकाये और एक अर्धशतक की मदद से 135 रन बनाये.

अश्विन ने अपने बेहतर प्रदर्शन का श्रेय जडेजा को देते हुए कहा, ‘‘ यह एक साथ एक शानदार यात्रा रही है. हम एक दूसरे के बिना इतना प्रभावी नहीं होते हैं. वह मुझे गेंद के साथ मैदान पर रचनात्मक होने की काफी आजादी देते हैं. उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिये. मुझे लगा कि उसने दिल्ली टेस्ट में अच्छी गेंदबाजी की. इसलिए हम यहां हैं.’’ जडेजा ने कहा उन्हें अश्विन के साथ क्रिकेट के बारे में बात करना पसंद है.

उन्होंने कहा, ‘‘हम हमेशा पिच और क्षेत्ररक्षण की सजावट को लेकर बात करते है. वह क्रिकेट के बारे में काफी कुछ जानते हैं और कहीं भी क्रिकेट की बात कर लेते हैं.’’ उन्होंने हालांकि अपनी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहने पर निराशा जतायी.
उन्होंने कहा, ‘‘इस श्रृंखला में मैं अपनी बल्लेबाजी से खुश नहीं हूं. मैं कई बार अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहा खासकर इस मैच में. उम्मीद है कि अगली श्रृंखला अपनी बल्लेबाजी में सुधार कर अच्छा प्रदर्शन कर सकूंगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu