ब्रिटेन को आतंकवाद पर भारत के रुख से प्रभावी तरीके से अवगत कराएंगे: रविशंकर प्रसाद

लंदन. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कहा कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद पर ब्रिटेन को भारत के रुख से ‘प्रभावी’ तरीके से अवगत कराएगा और ब्रिटेन के प्रमुख हितधारकों के साथ बातचीत करेगा. प्रसाद के नेतृत्व में नौ सदस्यीय दल यूरोपीय दौरे के तहत तीन दिवसीय यात्रा पर शनिवार को ब्रिटेन पहुंचा.

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने किया. प्रतिनिधिमंडल को ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ के अध्यक्ष लिंडसे होयल और विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) मंत्री कैथरीन वेस्ट सहित प्रमुख हितधारकों के साथ कई बैठकों में भाग लेना है. इस सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में डी पुरंदेश्वरी, प्रियंका चतुर्वेदी, गुलाम अली खटाना, अमर सिंह, समिक भट्टाचार्य, एम थंबीदुरई और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एमजे अकबर तथा राजदूत पंकज सरन शामिल हैं. ये नेता सामुदायिक समूहों, थिंक टैंक, सांसदों और प्रवासी नेताओं से मुलाकात करेंगे.

रविशंकर प्रसाद ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, ”सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के अपने सहयोगियों के साथ मैं फ्रांस, इटली और डेनमार्क की सफल यात्राओं के बाद ब्रिटेन के लंदन में पहुंचा हूं.” प्रसाद ने कहा, ”लंदन में 31 मई से तीन जून तक रहने के दौरान, हम आतंकवाद पर अपना रुख प्रभावी ढंग से व्यक्त करेंगे और संसद के निचले सदन (हाउस ऑफ कॉमन्स) के अध्यक्ष लिंडसे होयल, विदेश मंत्री (हिंद-प्रशांत) कैथरीन वेस्ट, ब्रिटेन के सांसदों, नेताओं, थिंक टैंक, मीडिया प्रतिनिधियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों सहित प्रमुख हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे. हमें विश्वास है कि हमारे संदेश को यहां भी वैसा ही समर्थन मिलेगा जैसा फ्रांस, इटली और डेनमार्क में मिला है.”

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सांसदों का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार शाम लंदन पहुंचा और उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी ने उनकी अगवानी की.” उच्चायोग ने कहा कि ब्रिटेन की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ के अध्यक्ष लिंडसे होयले, हिंद-प्रशांत के लिए ब्रिटेन के विदेश कार्यालय मंत्री कैथरीन वेस्ट, सांसदों, थिंक टैंक और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत करेगा.

प्रसाद के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत के कूटनीतिक संपर्क के तहत छह यूरोपीय देशों के दौरे पर है. पिछले हफ़्ते फ्रांस, इटली और डेनमार्क की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद यह प्रतिनिधिमंडल यहां पहुंचा है. पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे. डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में प्रतिनिधिमंडल ने वहां के सांसदों, विदेश मामलों के अधिकारियों और प्रवासी भारतीय समुदाय से बातचीत की थी.

विदेश मंत्रालय ने पूर्व के एक बयान में कहा, ”प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के प्रति भारत की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर जोर दिया और कहा कि हिंसा के किसी भी कृत्य का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा करने और भारत के साथ एकजुटता दिखाने संबंधी डेनमार्क के सार्वजनिक रुख की भारत ने सराहना की.” ब्रिटेन यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल यूरोपीय संघ (ईयू) के नेताओं से मुलाकात करेगा और जर्मनी के लिए रवाना होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button