‘इंडिया’ गठबंधन चुनाव के नतीजों के लिए ईवीएम को दोषी ठहराए तो हैरानी नहीं होगी : अजित पवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Dec 2023 07:47 PM
‘इंडिया’ गठबंधन चुनाव के नतीजों के लिए ईवीएम को दोषी ठहराए तो हैरानी नहीं होगी : अजित पवार
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को कहा कि उन्हें आश्चर्य नहीं होगा यदि कुछ लोग चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए शिकायत करें और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को दोष दें. चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को जारी मतगणना के अब तक आए रुझानों में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ. में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जबकि तेलंगाना में कांग्रेस आगे है.

पवार ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है. उन्होंने कहा, ”मुझे आश्चर्य नहीं होगा यदि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के लोग नतीजों के लिए ईवीएम को दोष देना शुरू कर दें.” उन्होंने कहा, ”जब मैं पहले भी सरकार में था, उस समय मेरी राय थी कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ असंभव है. सिर्फ एक व्यक्ति इतने बड़े पैमाने पर ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं कर सकता. इसे करने के लिए आपको कई लोगों की आवश्यकता होती है, और जब कई लोग इस तरह के कृत्य में शामिल हो जाते हैं, तो यह स्वाभाविक रूप से अब तक सामने आ चुका होता.”

पवार ने कहा, ”यदि इन तीन राज्यों (मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ.) में ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया जाना है, तो तेलंगाना के बारे में क्या कहा जायेगा.” उन्होंने कहा, ”हमें यह स्वीकार करना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी की छवि और उनके काम की लोग सराहना कर रहे हैं.” तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कांग्रेस से पिछड़ने पर पवार ने कहा, ”मुझे लगता है कि उन्होंने (बीआरएस प्रमुख एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव) अति आत्मविश्वास दिखाया और (अपनी पार्टी के आधार का) विस्तार करने के लिए महाराष्ट्र आए.” पवार ने कहा कि उन्होंने (राव ने) बड़ी रैलियां कीं और कई वादे किये लेकिन उन्हें उनके ही राज्य ने उन्हें खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि जनता का निर्णय सदैव सर्वोपरि होती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu