‘काम बहुत मिलेगा और डॉलर के रेट पर मिलेगा’, अवॉर्ड शो में मजाक उड़ाए जाने के बाद राजपाल को सलमान का समर्थन

मुंबई: राजपाल यादव इन दिनों सुर्खियों में हैं। वह किसी फिल्म की वजह से नहीं, बल्कि एक अवॉर्ड फंक्शन में हुए एक मामले की वजह से चर्चा में हैं। हाल ही में वह एक अवॉर्ड फंक्शन में पहुंचे। यहां शो के होस्ट ने उन्हें लेकर एक ऐसी टिप्पड़ी की जिस पर काफी विवाद हुआ। इस पूरे मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान खुलकर राजपाल यादव के समर्थन में सामने आए। उन्होंने न सिर्फ राजपाल यादव के काम की तारीफ की, बल्कि उन्हें हिम्मत भी दी कि वह इन बातों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ें।

सलमान ने की राजपाल की तारीफ
सलमान खान ने लिखा, ‘राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हैं और हम सबने आपको बार-बार फिल्मों में इसलिए कास्ट किया है, क्योंकि आप अपना काम अच्छी तरह जानते हैं। काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर काम मिलेगा और मिलता रहेगा, ये हकीकत है। यह याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ निकल आता है। दिल से काम करो, डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है। देना तो इंडिया में ही है।’

किस बात पर हुआ विवाद?
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब शो के होस्ट ने राजपाल यादव पर तंज कसते हुए उनके पुराने केस का जिक्र कर दिया। होस्ट ने मजाक में कहा, ‘डॉलर का रेट चाहे जितना ऊपर-नीचे हो जाए, आपको पैसे तो उतने ही वापस करने हैं।’ इस टिप्पणी को कई लोगों ने अनुचित और अपमानजनक करार दिया, क्योंकि यह एक संवेदनशील कानूनी मामले से जुड़ी हुई थी।

क्या है राजपाल यादव का केस?
आपको बता दें कि राजपाल यादव के खिलाफ एक चेक बाउंस केस दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहा है। उन्होंने 2010 में अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता-पता लापता’ बनाने के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से लगभग पांच करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म आर्थिक रूप से सफल नहीं हुई, जिससे भुगतान में देरी हुई और कई चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

राजपाल यादव का काम
राजपाल यादव अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ का हिस्सा होंगे। यह फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा वह ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘हैवान’ का भी हिस्सा होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button