सलमान, जीशान को जान से मारने की धमकी देने वाला युवक नोएडा से गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Oct 2024 07:51 PM
सलमान, जीशान को जान से मारने की धमकी देने वाला युवक नोएडा से गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई/नोएडा. मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उत्तर प्रदेश के नोएडा से 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक को सोमवार को गिरफ्तार किया गया.

निर्मल नगर थाने के एक अधिकारी ने कहा, ”आरोपी ने पहले विधायक जीशान सिद्दीकी के हेल्पलाइन नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजा और बाद में उस पर ‘वॉयस कॉल’ किया, जिसमें उसने सिद्दीकी और अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी. यह घटना शुक्रवार को हुई.” उन्होंने बताया कि इस संबंध में सोमवार को मामला दर्ज किया गया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी को मामले की जांच के लिए मुंबई लाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यह फोन कॉल जीशान के बांद्रा पूर्व स्थित जनसंपर्क कार्यालय को की गई थी.

इस बीच, नोएडा के थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नोएडा और मुंबई पुलिस की एक संयुक्त टीम ने सेक्टर 92 स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की और वहां से तैयब अंसारी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया.
उन्होंने बताया कि आरोपी से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है. सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बरेली जिले का रहने वाला है. उन्होंने कहा कि तैयब अंसारी सेक्टर 92 में निर्माणाधीन मकान में बढ़ई का काम कर रहा था.

तीन बार के विधायक एवं जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर को बांद्रा में उनके बेटे के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने राकांपा नेता की हत्या की जिम्मेदारी ली थी. उसने सलमान के साथ नेता के करीबी संबंधों को उनकी हत्या के कारणों में से एक बताया था.

अजित पवार के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में मुंबई के बांद्रा पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से जीशान को मैदान में उतारा है. जीशान ने हाल में एक साक्षात्कार में कहा था कि उनके पिता की मौत के बाद से बॉलीवुड अभिनेता सलमान उनकी कुशल-क्षेम को लेकर बहुत चिंतित हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu