जुबिन की मौत: सिंगापुर में असमिया समुदाय के तीन सदस्य एसआईटी के समक्ष पेश हुए

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 15 Oct 2025 02:42 PM
जुबिन की मौत: सिंगापुर में असमिया समुदाय के तीन सदस्य एसआईटी के समक्ष पेश हुए
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम के विशेष पुलिस महानिदेशक मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सिंगापुर में असमिया समुदाय के तीन और सदस्य जुबिन गर्ग की मौत की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष बुधवार को पेश हुए। सिंगापुर में गायक के अंतिम क्षणों में तीनों उनके साथ थे।

गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि तीन व्यक्ति – सुष्मिता गोस्वामी, प्रतिम भुयान और देबोज्योति हजारिका यहां अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ??कार्यालय पहुंचे और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन 11 लोगों को समन जारी किया गया था, उनमें से 10 पहले ही एसआईटी के समक्ष पेश हो चुके हैं।

गुप्ता ने कहा, ‘‘केवल एक व्यक्ति वाजेद अहमद को आना अभी बाकी है। चूंकि वह सिंगापुर के नागरिक हैं, इसलिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। अहमद ने हमें सूचित किया है कि वह आना चाहते हैं और हमें उम्मीद है कि वह जल्द आ जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि सिंगापुर से आए बाकी सभी लोग भारतीय नागरिक हैं।

शुरूआत में केवल एक व्यक्ति रूपकमल कालिता पहली समय सीमा समाप्त होने के एक दिन बाद सात अक्टूबर को एसआईटी के समक्ष पेश हुए थे जिसके बाद अन्य लोगों को नए समन जारी किए गए। विशेष डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित पोस्टमार्टम रिपोर्ट ‘प्रामाणिक नहीं’ थी।

उन्होंने कहा, ‘‘रिपोर्ट फर्जी थी और इस पर किसी डॉक्टर के हस्ताक्षर नहीं थे। हमें जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली है, उस पर डॉक्टर के हस्ताक्षर हैं।’’ गुप्ता ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच करेगी ताकि पता लगाया जा सके कि क्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट जानबूझकर ध्यान भटकाने और जांच के बारे में लोगों को गुमराह करने के लिए जारी की गई है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर कोई भी फर्जी खबर साझा नहीं करें। गुप्ता ने कहा, ‘‘हम सोशल मीडिया पर नजर रख रहे हैं। किसी भी तरह की भ्रामक या झूठी खबर प्रसारित करना अपराध है और हम कार्रवाई करेंगे।’’ गुप्ता ने बताया कि इस बीच सिंगापुर के अधिकारियों ने भारतीय उच्चायोग के माध्यम से एक ईमेल भेजा है जिसमें गायक जुबिन गर्ग की मौत के सिलसिले में असम पुलिस के अधिकारियों और ंिसगापुर के उनके दौरे के एजेंडे के बारे में जानकारी मांगी गई है।

गुप्ता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने ईमेल का जवाब पहले ही दे दिया है और यह एक बहुत ही सकारात्मक प्रगति है।’’ उन्होंने कहा कि सिंगापुर के अधिकारियों को पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) लागू करने का अनुरोध भी प्राप्त हुआ है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हमें जल्द सिंगापुर जाकर जांच से संबंधित अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए हरी झंडी मिल जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि राज्य में गायक की मौत की जांच ‘‘में अच्छी प्रगति हो रही है’’। असम के गायक जुबिन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मृत्यु हो गई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital