खूनी संघर्ष: सीआईएसएफ जवान आपस में भिड़े, सहकर्मियों को मारी गोली, सहायक कमांडेंट समेत चार की मौत

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 29 Sep 2026 08:50 PM
खूनी संघर्ष: सीआईएसएफ जवान आपस में भिड़े, सहकर्मियों को मारी गोली, सहायक कमांडेंट समेत चार की मौत

ऑडियो सुनें

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सीआईएसएफ के एक जवान ने कहासुनी के बाद अपने अधिकारियों पर गोलियां दाग दीं। इसमें एक सहायक कमांडेंट सहित चार जवानों की मौत हो गई। आरोपी जवान हिरासत में है।

कठुआ के बसोहली सब डिवीजन के हट्ट माश्का में एनएचपीसी संचालित पनबिजली परियोजना में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान ने कहासुनी के बाद अपने ही अधिकारियों पर गोलियां दाग दीं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जवान ने एक सहायक कमांडेंट, एक सब इंस्पेक्टर और दो जवानों को गोली चलाकर बुरी तरह से घायल कर दिया। चारों की मौत हो गई है। इस मामले में आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में सीआईएसएफ के चार जवानों की मौत हो गई, जिनमें एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) के ये जवान हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे बसोहली के मशका गांव में सेवा-तीन पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि किसी बात को लेकर दो जवानों के बीच बहस हुई और बाद में उनमें से एक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे ये मौतें हुईं। अधिकारियों ने बताया कि सीनियर अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

 

 

 

By Navabharat News Group