मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। सीएम साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के प्रेस नोट के बाद ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो गया है। उन्होंने दावा किया कि आयोग ने SIR समेत सभी मुद्दों पर पूरी जानकारी दी है। साय के मुताबिक, विपक्ष कोरी कल्पना के आधार पर चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर लांछन लगाकर राहुल गांधी ‘देशद्रोही आचरण’ कर रहे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशद्रोही आचरण पर उतारू हो गए हैं. एक आदतन अपराधी की तरह कार्य कर रहे हैं. राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की तमाम संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुटी हुई है. जानते चलें कि राहुल गांधी ने हाल ही में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इसी का जवाब मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दे रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाए तथ्यों को परखना चाहिए. कांग्रेस जनता की अदालत में पराजित होती है, तो वो संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर अपना खीज निकालती है. भारत देश की जनता बहुत अच्छे से जानती है कि हर एक चुनाव निष्पक्षता से हुए हैं. कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ तीनों चुनाव आयुक्त के संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस से साबित हो गया है कि चुनाव आयोग में किसी तरह का मतभेद नहीं है. बल्कि कांग्रेस के तमाम दावे न केवल खोखले हैं, बल्कि जानबूझकर देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और भारत की संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने की राहुल गांधी की सोची-समझी साजिश है.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक आदतन अपराधी की तरह कार्य कर रहे है. राहुल गांधी को हर बार अपने कृत्य पर माफ़ी भी माँगनी पड़ती है। लेकिन फिर भी वो बाज नहीं आते है, राहुल गाँधी अपनी पुरानी आदतों पर आ जाते है. राहुल गाँधी की जितनी निंदा की जाए कम है. राहुल गांधी ईवीएम पर सवाल उठाते रहे है, लेकिन उसी ईवीएम से जीतकर उनके देशभर में 600 से अधिक विधायक हैं, लोकसभा सदस्य हैं।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडे, महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन मारकंडे, मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही उपस्थित थे।