गुरुग्राम की एक महिला से 1.80 करोड़ रुपये की ठगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 May 2023 07:54 PM
गुरुग्राम की एक महिला से 1.80 करोड़ रुपये की ठगी
ऑडियो सुनें

गुरुग्राम. गुरुग्राम की एक महिला से ‘इंस्टाग्राम’ ऐप के जरिए दोस्ती करके कई मौकों पर कुल 1. 80 करोड़ रुपये ठगने के आरोप में दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार महिला ने 10 अप्रैल को मानेसर थाने में इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि पिछले साल ‘इंस्टाग्राम’ पर मिले एक व्यक्ति ने उससे 1.80 करोड़ रुपये की ठगी की.

महिला ने पुलिस को बताया कि उस व्यक्ति ने खुद को ‘ब्रिटिश एयरवेज’ में पायलट बताया था. पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी शिकायत में कहा, “आरोपी मुझसे निरंतर बात करता था. पिछले साल एक दिन उसने कहा कि वह मुझे एक गिफ्ट पार्सल भेज रहा है, जिसमें एक आईफोन, आभूषण और अन्य सामान हैं. बाद में छह दिसंबर को एक व्यक्ति ने मुझे फोन किया और बताया कि मेरे नाम का एक पार्सल आया है और मुझे यह लेने के लिए कर के रूप में 35 हजार रुपये का भुगतान करना होगा.” पुलिस के अनुसार महिला ने व्यक्ति द्वारा साझा किए गए बैंक खाते में रकम जमा करा दी, लेकिन वह व्यक्ति अपने तथाकथित दोस्त के जरिए और पैसे मांगता रहा.

पुलिस ने कहा कि जब महिला को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तब तक वह व्यक्ति को 1.80 करोड़ रुपये दे चुकी थी. पीड़िता की बेटी ने पुलिस से अपील की है कि वह ठगे गए पैसे की वसूली में मदद करे ताकि परिवार अपना बैंक ऋण और रिश्तेदारों से उधार ली गई रकम चुका सके. शिकायत के बाद साइबर अपराध की एक टीम ने मामले की जांच की और दिल्ली के निहाल विहार फेस-2 इलाके से सोमवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया.

आरोपियों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक एबुका फेलिक्सी और चुकावा इवरे के रूप में हुई है. वे बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में रह रहे थे. पुलिस ने दोनों को शहर की एक अदालत में पेश किया, जिसने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
एसीपी (अपराध)वरुण दहिया ने कहा, “ये दोनों उसी गिरोह के सदस्य हैं, जिसका भंडाफोड़ पुलिस ने 11 मई को किया था. हमने उन्हें हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu