शरीर में चोट लगने, संक्रमण होने या किसी बाहरी खतरे के पहुंचने पर सूजन (Inflammation) होना एक सामान्य प्रक्रिया है। यह इम्यून सिस्टम का तरीका है, जिसके जरिए शरीर नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से लड़ता और प्रभावित हिस्से को ठीक करने की कोशिश करता है। लेकिन जब सूजन लंबे समय तक बनी रहे या इम्यून सिस्टम गलती से शरीर के स्वस्थ टिश्यू पर ही हमला करने लगे, तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
इसी प्रक्रिया का संबंध कुछ ऑटोइम्यून डिजीज से भी है। रूमेटॉइड आर्थराइटिस और ल्यूपस जैसी बीमारियों में इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी के कारण शरीर के अपने टिशू में सूजन और नुकसान हो सकता है। हालांकि, हर तरह की सूजन ऑटोइम्यून डिजीज का कारण नहीं बनती।
सामान्य इंफ्लेमेशन और ऑटोइम्यून इंफ्लेमेशन में क्या अंतर है?
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंवॉयरमेंटल साइंसेज के मुताबिक सूजन (inflammation) शरीर की प्राकृतिक सुरक्षा प्रक्रिया है। उदाहरण के लिए, अगर हाथ कट जाए या शरीर में बैक्टीरिया का संक्रमण हो जाए, तो प्रभावित हिस्से में लालिमा, गर्माहट, दर्द और सूजन दिखाई दे सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इम्यून सिस्टम संक्रमण या चोट से लड़ने के लिए प्रभावित जगह पर प्रतिरक्षा कोशिकाओं और दूसरे रासायनिक संकेतों को सक्रिय करता है। खतरा खत्म होने के बाद सामान्य रूप से यह प्रतिक्रिया धीरे-धीरे शांत हो जाती है।
एनआईएएमएस के अनुसार इसके विपरीत, ऑटोइम्यून इंफ्लेमेशन (सूजन) में इम्यून सिस्टम शरीर के अपने स्वस्थ टिश्यू को ही नुकसान पहुंचाने लगता है। इसमें इम्यून कोशिकाएं या ऑटोएंटीबॉडी शरीर के अपने प्रोटीन और कोशिकाओं को निशाना बना सकती हैं। उदाहरण के लिए, रूमेटॉइड आर्थराइटिस में जोड़ों की अंदरूनी परत में सूजन होती है, जबकि ल्यूपस में त्वचा, जोड़ों, किडनी और शरीर के दूसरे अंग प्रभावित हो सकते हैं।
एक और अंतर समझना जरूरी है। सामान्य सूजन किसी संक्रमण या चोट के ठीक होने के बाद कम हो जाती है, लेकिन ऑटोइम्यून बीमारियों में इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी के कारण सूजन बार-बार हो सकती है या लंबे समय तक बनी रह सकती है।