साल 2020-23 के बीच दुनियाभर ने कोरोना महामारी के खतरनाक दौर का सामना किया। कोविड-19 रोग का कारण बनने वाला ये वायरस अब पहले जितना प्रभावी तो नहीं रहा है, पर समय-समय पर म्यूटेशन के साथ सामने आने वाले इसके नए वैरिएंट्स लोगों के लिए चिंता जरूर बढ़ाते रहते हैं। पिछले करीब एक साल से कोरोना बिल्कुल शांत स्थिति में था, हालांकि इसमें अब म्यूटेशन के साथ नए वैरिएंट को लेकर फिर से खबरें सामने आ रही हैं।
हालिया रिपोर्ट्स में कोविड का एक नया वैरिएंट PJ.2.1 चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके स्पाइक प्रोटीन में करीब 24 बदलाव देखे गए हैं। इतना ही नहीं यह अब तक 18 देशों में सामने भी आ चुका है। हाल के दिनों में कनाडा और अमेरिका में इसके बढ़ते मामलों ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है।
कनाडा में सामने आया कोविड-19 का नया वैरिएंट PJ.2.1 अब कई देशों में फैलने की खबर है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी पहली पहचान 2 मई 2026 को कनाडा के ओंटारियो में हुई थी। इसके बाद अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई हिस्सों में इसके मामले सामने आए। विशेषज्ञों के अनुसार, इस वैरिएंट में मानव कोशिकाओं को संक्रमित करने की क्षमता अधिक हो सकती है। लैब परीक्षणों में वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी के प्रति इसकी संवेदनशीलता भी सामने आई है।
नए स्ट्रेन के जोखिमों को देखते हुए फिलहाल विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे ‘वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ के रूप में वर्गीकृत किया है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल इससे दुनियाभर में किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है, लेकिन नए वैरिएंट के सामने आने के बाद से लोगों के मन में कोरोना को लेकर फिर से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्या ये नया वैरिएंट पहले से बनी इम्युनिटी को चकमा दे सकता है? क्या मौजूदा वैक्सीन इससे बचाव में मददगार हैं और क्या इससे संक्रमण ज्यादा गंभीर हो सकता है? आइए PJ.2.1 से जुड़ी जरूरी बातों को जान लेते हैं।
डब्ल्यूएचओ ने कोरोनावायरस के नए वैरिएंट PJ.2.1 को ‘वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ यानी निगरानी में रखे जाने वाले वैरिएंट की कैटेगरी में रखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये JN.1 वैरिएंट से निकला नया रूप है, जिसके स्पाइक प्रोटीन में 24 बदलाव पाए गए हैं। स्पाइक प्रोटीन वायरस का वह हिस्सा होता है, जिसकी मदद से वह इंसानी कोशिकाओं में प्रवेश करता है।
8 नवंबर तक यह वैरिएंट 18 देशों में पाया जा चुका था। कनाडा और अमेरिका में इसके मामले बढ़ने के बाद से वायरस के इस स्ट्रेन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
डब्ल्यूएचओ में वायरस की स्थितियों पर नजर रखने वाले विशेषज्ञ समूह (TAG-VE) ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट में कहा है कि दुनियाभर में इस नए वैरिएंट से स्वास्थ्य को होने वाले खतरों का जोखिम फिलहाल कम ही है। हालांकि, इस आकलन के लिए अभी और समय देने की जरूरत है क्योंकि अभी पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं है।
लैब में किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि PJ.2.1 दूसरे मौजूदा वैरिएंट की तरह ही हो सकता है। इसके शरीर की एंटीबॉडी से बचने की क्षमता में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखाता है।
हाल के वर्षों में LP.8.1 और XFG वैरिएंट के हिसाब से अपडेट की गई कोविड वैक्सीन लेने वाले लोगों के ब्लड सैंपल में भी इसे निष्क्रिय करने की क्षमता देखी गई है।
इसका मतलब है कि मौजूदा वैक्सीन इस वायरस के जोखिमों को कम करने में मददगार हो सकती है।