भारत मंडपम में टिकट के नाम पर ठगी: QR कोड से कटे 1,200 रुपये, दिल्ली पुलिस ने ठग को दबोचा

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 400 रुपये में टिकट का ऑफर देकर आरोपी ने महिला से QR कोड स्कैन कराया, जिसके बाद उसके खाते से 1,200 रुपये कट गए और फोन काम करना बंद कर गया।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Mon, 16 Nov 2026 08:16 PM
भारत मंडपम में टिकट के नाम पर ठगी: QR कोड से कटे 1,200 रुपये, दिल्ली पुलिस ने ठग को दबोचा
ऑडियो सुनें

भारत मंडपम में टिकट के नाम पर ठगी: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में टिकट खरीदने गई एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। टिकट बेचने के बहाने एक व्यक्ति ने महिला से 1,200 रुपये ठग लिए और उसके आईफोन को हैक करने की कोशिश की। शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान मोहम्मद फैसल के रूप में हुई है, जो कबाड़ का काम करता है।

गेट नंबर चार के बाहर हुई वारदात

नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने सोमवार को बताया कि महिला रविवार को मेले में घूमने गई थी। वह भारत मंडपम के गेट नंबर चार के बाहर ऑनलाइन टिकट खरीदने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पास पहुंचा और 400 रुपये में टिकट देने की पेशकश की।

QR कोड स्कैन करते ही बंद हुआ फोन

आरोपी ने टिकट के बदले 1,200 रुपये का भुगतान लेने के लिए महिला को एक QR कोड दिया। जैसे ही महिला ने उसे स्कैन किया, उसका आईफोन अचानक सिंक होने लगा और काम करना बंद कर दिया। महिला फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर पा रही थी।

लॉगिन की कोशिश का अलर्ट, कट गए पैसे

पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद महिला के फोन पर नोटिफिकेशन आया कि किसी ने उसके फोन में लॉगिन करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसी दौरान महिला ने देखा कि ऑनलाइन भुगतान ऐप से 1,200 रुपये भी कट चुके हैं। शक होने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई।

मौजपुर से गिरफ्तार, साथी के साथ करता था ठगी

पुलिस ने प्रगति मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की पहचान के लिए टीम गठित की। जांच के बाद मौजपुर निवासी मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली के बड़े आयोजनों के टिकट अवैध रूप से बेचता था। साथी अलग-अलग कार्यक्रमों के टिकटों का इंतजाम करता था और वे ऐसे लोगों को टिकट बेचते थे, जिन्हें खुद टिकट खरीदने में परेशानी होती थी।

पैसे लेकर टिकट न देने का भी खुलासा

आरोपी ने यह भी बताया कि कई बार वे टिकट के नाम पर पैसे ले लेते थे, लेकिन बदले में टिकट नहीं देते थे। इस तरह वे नकद और ऑनलाइन भुगतान के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अपराध शाखा थाने में धोखाधड़ी का एक मामला पहले से दर्ज है। अब पुलिस उसके साथी की तलाश कर रही है और यह भी जांच रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को शिकार बनाया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news