भारतीय शेयर बाजार में आज NIFTY आज 146.80 अंक (+0.58%) की बढ़त के साथ 25,291.10 पर बंद हुआ। Nifty के 31 शेयर हरे निशान में रहे। Midcap 100 में 0.51% की गिरावट हुई! Smallcap 100 में 1.10% की गिरावट देखी गई। बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 512 अंक चढ़ा, निफ्टी 25,291 पर बंद हुआ;
दूसरी ओरभारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों ने एक बार फिर पैसा लगाना शुरू कर दिया है। कंपनियों के तिमाही नतीजे भी अच्छे रहे हैं। इसके बावजूद भारतीय शेयर बाजार दूसरे उभरते बाजारों के मुकाबले पीछे चल रहा है। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में अरबों डॉलर लगाए, लेकिन भारत के शेयर बाजार में दूसरे देशों जितनी तेजी नहीं आई। आखिर इसकी वजह क्या है और निवेशकों के लिए इसके क्या मायने हैं?
जेफरीज की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में एमएससीआई इंडिया इंडेक्स (MSCI India Index) करीब 1% बढ़ा। यह इंडेक्स भारतीय शेयर बाजार की बड़ी कंपनियों के प्रदर्शन को दिखाता है। इसी दौरान उभरते बाजारों के एमएससीआई इमर्जिंग मार्केट्स इंडेक्स (MSCI Emerging Markets Index) का प्रदर्शन भारत से 2.30 प्रतिशत अंक बेहतर रहा। वहीं, जापान को छोड़कर एशियाई बाजारों के इंडेक्स ने भारत से 2.58 प्रतिशत अंक बेहतर प्रदर्शन किया। इसका मतलब है कि जिस सप्ताह भारतीय बाजार 1% बढ़ा, उसी दौरान दूसरे उभरते बाजारों में औसतन इससे ज्यादा तेजी देखने को मिली।
भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेशी निवेशकों की वापसी एक अच्छी खबर रही है। जेफरीज की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2026 में 13 तारीख तक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 9.1 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश किया। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक वे होते हैं, जो दूसरे देशों से आकर भारत के शेयरों और दूसरे निवेश साधनों में पैसा लगाते हैं। विदेशी निवेश बढ़ने से आमतौर पर शेयर बाजार को सहारा मिलता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में तुरंत बड़ी तेजी आ जाएगी। शेयर बाजार पर कंपनियों की कमाई, शेयरों की कीमत, ब्याज दरों और दूसरे देशों के बाजारों का असर भी पड़ता है।
भारत के दूसरे उभरते बाजारों से पीछे रहने की एक अहम वजह शेयरों की ऊंची कीमतें भी हो सकती हैं। जेफरीज की रिपोर्ट के मुताबिक, एमएससीआई इंडिया इंडेक्स का एक साल की अनुमानित कमाई के आधार पर प्राइस टू अर्निंग अनुपात (P/E) करीब 19.8 गुना था। आसान भाषा में समझें तो निवेशक भारतीय कंपनियों की अगले एक साल की अनुमानित एक रुपये की कमाई के लिए शेयर बाजार में करीब 19.80 रुपये चुका रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय बाजार का पी/ई अनुपात दूसरे उभरते बाजारों से करीब 136% ज्यादा था।
जबकि पिछले करीब 10 वर्षों में यह अंतर औसतन 66% रहा है। यानी भारत के शेयर दूसरे उभरते बाजारों के मुकाबले अपने पुराने औसत से भी ज्यादा महंगे थे। ऐसी स्थिति में विदेशी निवेशक भारत में पैसा लगाने के बावजूद दूसरे देशों में भी निवेश के मौके तलाश सकते हैं। हालांकि, महंगे शेयरों का मतलब यह नहीं है कि बाजार में गिरावट जरूर आएगी। अच्छी कमाई और भविष्य में तेज वृद्धि की उम्मीद के कारण भी कंपनियों के शेयर महंगे हो सकते हैं।
विदेशी निवेशकों के लिए शेयर बाजार के साथ रुपये की कीमत भी महत्वपूर्ण होती है। जेफरीज की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया करीब 0.4% कमजोर हुआ। मान लीजिए कोई विदेशी निवेशक भारत में डॉलर बदलकर रुपये में शेयर खरीदता है। बाद में शेयर बेचकर वह रुपये को दोबारा डॉलर में बदलता है।
अगर इस दौरान रुपया कमजोर हो जाता है, तो उसे डॉलर में मिलने वाला मुनाफा कम हो सकता है। यही वजह है कि विदेशी निवेशक शेयरों के प्रदर्शन के साथ रुपये की चाल पर भी नजर रखते हैं।
रिपोर्ट में सरकारी बॉन्ड की यील्ड बढ़ने की बात भी सामने आई है। 13 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में भारत के 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड करीब 0.11 प्रतिशत अंक बढ़कर 7.30% पहुंच गई। बॉन्ड की यील्ड आसान भाषा में वह रिटर्न है, जो निवेशक को बॉन्ड की मौजूदा बाजार कीमत के आधार पर मिलता है। जब सरकारी बॉन्ड की यील्ड बढ़ती है, तो कुछ निवेशकों को शेयरों के मुकाबले बॉन्ड ज्यादा आकर्षक लग सकते हैं। इसके अलावा ऊंची बॉन्ड यील्ड से कंपनियों के लिए कर्ज जुटाने की लागत पर भी दबाव पड़ सकता है। हालांकि, बॉन्ड यील्ड बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि शेयर बाजार में गिरावट जरूर आएगी।
भारतीय बाजार के सभी सेक्टरों का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा। जेफरीज के मुताबिक, 13 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में बैंकिंग और औद्योगिक कंपनियों के शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया। बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में करीब 5% और औद्योगिक कंपनियों के शेयरों में करीब 4% की तेजी रही।
दूसरी ओर सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और बिजली तथा दूसरी जरूरी सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा। रिपोर्ट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शेयरों में पीबी फिनटेक, हिताची एनर्जी इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, सीमेंस एनर्जी इंडिया और डिवीज लैबोरेटरीज शामिल रहे। वहीं, कमजोर प्रदर्शन करने वाले शेयरों में पेज इंडस्ट्रीज, एनएचपीसी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, भारत पेट्रोलियम और एचसीएल टेक्नोलॉजीज शामिल थे। इससे पता चलता है कि भारतीय बाजार में तेजी जरूर आई, लेकिन उसका फायदा सभी सेक्टरों को बराबर नहीं मिला।