छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की संपत्ति पर कार्रवाई की है। ईडी ने चैतन्य बघेल के विट्ठल ग्रीन्स प्रोजेक्ट की संपत्ति को जब्त कर लिया है। भिलाई में 30 प्लॉट और फ्लैट सीज, कर लिये गए हैं तथा ईडी ने कुर्की का बोर्ड लगा दिया है।
ईडी ने शराब घोटाले में यह कार्रवाई की है। मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने दुर्ग जिले के जांगिरी गांव में स्थित ‘विट्ठल ग्रीन्स’ परियोजना में एक बोर्ड लगाकर और आदेश की प्रति चिपकाकर यह प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों के अनुसार चैतन्य बघेल ने अपने स्वामित्व वाली कंपनी ‘बघेल डेवलपर्स’ के जरिए इस परियोजना को विकसित किया था।
चैतन्य बघेल के खिलाफ कार्रवाई के तहत नवंबर 2025 में इस संपत्ति के साथ अन्य परिसंपत्तियों को भी अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 61.2 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि पीएमएलए के निर्णायक प्राधिकरण ने मार्च में इस अस्थायी आदेश की पुष्टि कर दी थी, जिसके बाद ईडी ने ‘विट्ठल ग्रीन्स’ को अपने कब्जे में ले लिया। इस परियोजना में कई आवासीय भूखंड शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री केदार कश्यप ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की संपत्ति पर ED द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने के मामले पर कहा, “जब हम विपक्ष में थे तब हमने शराब घोटाले को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था…अभी जांच एजेंसियां लगातार अपना काम कर रही हैं और आने वाले दिनों में यह सामने आ जाएगा कि इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।”
कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर हुई ED की कार्रवाई पर कहा, “कोई जाँच की प्रक्रिया है, जाँच में हम लोग बाधा उत्पन्न करने की कोई बात नहीं कहना चाहेंगे, लेकिन जानबूझकर किसी को प्रताड़ित करने की नीयत से कोई भी कार्रवाई हो, और चैतन्य के खिलाफ अगर इस नीयत से कार्रवाई हो रही है, तो यह गलत है।”
जानते चलें कि पीएमएलए के तहत संपत्ति पर कब्जा लेने से अदालत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान उसे कुर्क रखने की व्यवस्था लागू रहती है, लेकिन इससे संपत्ति का स्वामित्व सरकार को हस्तांतरित नहीं होता। यदि मुकदमे में कोई दोषी पाया जाता है, तो एजेंसी केंद्र सरकार की ओर से उस संपत्ति को जब्त कर लेती है। भूपेश बघेल का कहना है कि उन्होंने और उनके परिवार ने कुछ भी गलत नहीं किया है तथा भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार उन्हें निशाना बना रही है।