जलाराम जयंती पर भक्ति और संगीत का संगम, भजन जैमिंग और 108 दीपों से महाआरती होंगे मुख्य आकर्षण

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sun, 15 Nov 2026 06:36 PM
जलाराम जयंती पर भक्ति और संगीत का संगम, भजन जैमिंग और 108 दीपों से महाआरती होंगे मुख्य आकर्षण
ऑडियो सुनें

रायपुर. भक्ति के सुर, लोकगीतों की मिठास और रास गरबा की धूम के साथ कल 16 नवंबर को संत जलाराम बाप्पा की 227वीं जयंती मनाई जाएगी।जालाराम जयंती उत्सव के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं इसलिए इसे स्वर्णिम वर्ष महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

जन्मोत्सव की शुरुआत सुबह 9:30 बजे गुढ़ियारी स्थित दही हांडी मैदान से भव्य कलशयात्रा के साथ होगी। उसके बाद दोपहर 12 बजे स्थापना और आरती की जाएगी। दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक भजन और लोकगीतों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। शाम 4 से 6:30 बजे तक रास गरबा का आयोजन होगा।

सबसे खास आकर्षण रात 7:30 बजे से होने वाला ग्रैंड भजन जैमिंग है। इसमें बनारस के युवा भजन कलाकार अभिषेक राय अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। भजन जैमिंग में पारंपरिक भजनों को संगीत के नए अंदाज में पेश किया जाएगा और साथ ही श्रद्धालु भक्ति संगीत के साथ भगवान श्रीराम के भजनों में झूमते नजर आएंगे। कार्यक्रम के अंत में 108 दीपों से महाआरती की जाएगी।

समिति की ओर से सभी गुजराती समाजजनों और श्रद्धालुओं को इस स्वर्णिम वर्ष महोत्सव में आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालु जालाराम बाप्पा के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण करने के साथ भजन जैमिंग में संगीत और भक्ति का आनंद ले सकेंगे। दोपहर 12 से 3 बजे और रात 7 से 9 बजे तक महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने रायपुरवासियों से भी बड़ी संख्या में पहुंचकर इस भक्ति उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group