जनजातीय गौरव दिवस: CM साय का आरोप-आदिवासियों को कांग्रेस ने सिर्फ वोट बैंक समझा, BJP ने विकास के लिए किया काम

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sun, 15 Nov 2026 12:02 PM
जनजातीय गौरव दिवस: CM साय का आरोप-आदिवासियों को कांग्रेस ने सिर्फ वोट बैंक समझा, BJP ने विकास के लिए किया काम
ऑडियो सुनें

जनजातीय गौरव दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के भाजपा पर आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने और दिखावा करने के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर जनजातीय समाज को हमेशा वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक केंद्र और राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन जनजातीय समाज के समुचित विकास के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनजातीय समाज के विकास को लेकर गंभीरता से काम किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

6,691 गांवों में चल रहा जनजातीय विकास अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों को शामिल किया गया है। इसके अलावा विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में विशेष पिछड़ी जनजातियों की पांच श्रेणियां हैं, जिनकी कुल आबादी करीब 3 लाख 20 हजार है।

 

सीएम साय ने कांग्रेस नेताओं को इन जनजातीय बस्तियों में जाकर विकास कार्य देखने की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार जनजातीय परिवारों को पक्के मकान, सौर ऊर्जा से बिजली, घरों तक पेयजल और राशन कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।

किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदेगी सरकार

धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत हो रही है। सरकार अपने वादे के मुताबिक किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदेगी।

उन्होंने कहा कि सरगुजा और बस्तर संभाग के कई किसान भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अपनी पूरी फसल नहीं ले पाते हैं। ऐसे किसानों को राहत देने के लिए सरकार उनकी वास्तविक धान पैदावार के अनुसार खरीदी करेगी। शेष अंतर की राशि भी किसानों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

रायगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है कि इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होने छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उन्होंने समारोह में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई।

छठ महापर्व पर भी दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि वे जशपुर जिले के तपकरा घाट में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav