विश्व मधुमेह दिवस: RML अस्पताल के अध्ययन में 42.5 फीसदी मरीजों का शुगर कंट्रोल में नहीं, दिल्ली में एक साल में डायबिटीज से 250 मौतें

अध्ययन के मुताबिक दवा का नियमित सेवन, हफ्ते में कम से कम तीन दिन शारीरिक गतिविधि और नियमित फॉलोअप का बेहतर शुगर कंट्रोल से मजबूत संबंध पाया गया।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 14 Nov 2026 05:07 AM
विश्व मधुमेह दिवस: RML अस्पताल के अध्ययन में 42.5 फीसदी मरीजों का शुगर कंट्रोल में नहीं, दिल्ली में एक साल में डायबिटीज से 250 मौतें
ऑडियो सुनें

विश्व मधुमेह दिवस: डायबिटीज में सिर्फ दवाएं लेना काफी नहीं है, उन्हें नियमित लेना और शारीरिक रूप से सक्रिय रहना भी उतना ही जरूरी है। विश्व मधुमेह दिवस पर सामने आए आंकड़े बताते हैं कि खराब जीवनशैली, मोटापा और गलत खान-पान से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा पुरुषों में बढ़ रहा है।

आरएमएल अस्पताल का अध्ययन: 42.5 फीसदी मरीजों का शुगर कंट्रोल में नहीं
डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में टाइप-2 डायबिटीज के 416 मरीजों पर हुए अध्ययन में पाया गया कि 42.5 फीसदी मरीजों का शुगर लेवल तय मानक के अनुसार नियंत्रित नहीं था। यह अध्ययन जुलाई 2024 से फरवरी 2025 के बीच अस्पताल की डायबिटीज ओपीडी में हुआ। 416 मरीजों में 239 (57.5 फीसदी) का एचबीए1सी सात फीसदी से कम और 177 (42.5 फीसदी) का सात फीसदी या उससे अधिक था। एचबीए1सी पिछले दो से तीन महीनों के औसत ब्लड शुगर का संकेत देता है। यानी क्लीनिक में इलाज करा रहे 10 में से करीब चार मरीज लक्ष्य तक नहीं पहुंचे।

सबसे मजबूत संबंध दवा नियमित लेने का
शोध में दवा लेने की नियमितता और शुगर कंट्रोल के बीच सबसे मजबूत सकारात्मक संबंध मिला। स्पीयरमैन कोरिलेशन विश्लेषण में दवा के नियमित सेवन का संबंध 0.67, शारीरिक गतिविधि का 0.49 और नियमित फॉलोअप का 0.41 रहा। ये सभी संबंध सांख्यिकीय रूप से महत्वपूर्ण थे। डायबिटीज के अनुकूल खानपान अपनाने वाले मरीजों में भी बेहतर शुगर कंट्रोल देखा गया।

दिल्ली में एक साल में 250 की मौत
स्वास्थ्य सेवा निदेशालय की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के मुताबिक दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में सभी प्रकार की डायबिटीज से कुल 250 लोगों की मौत हुई। इनमें 240 मौतें टाइप-2 डायबिटीज से हुईं, जिनमें 145 पुरुष, 92 महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों का ब्योरा
ओपीडी में टाइप-2 डायबिटीज के 8,102 मरीज इलाज के लिए आए, जिनमें 6,148 पुरुष, 1,953 महिलाएं और एक बच्चा था। इलाज के लिए 7,646 मरीज भर्ती हुए, जिनमें 4,643 पुरुष, 2,995 महिलाएं और आठ बच्चे थे।

टाइप-1 और अनिश्चित डायबिटीज
टाइप-1 डायबिटीज के लिए ओपीडी में 836 पुरुष, 125 महिलाएं और दो बच्चे पहुंचे। 208 पुरुष, 104 महिलाओं और 58 बच्चों को भर्ती किया गया। अनिश्चित डायबिटीज के ओपीडी में चार मामले दर्ज हुए, जबकि 279 मरीज भर्ती हुए (178 पुरुष, 98 महिलाएं, तीन बच्चे)। इस श्रेणी में पांच लोगों की मौत हुई।

दिनचर्या में बदलाव जरूरी
विशेषज्ञों ने कहा कि डायबिटीज से बचाव और नियंत्रण के लिए सिर्फ दवाओं पर निर्भर रहना काफी नहीं है। खानपान में सुधार और नियमित व्यायाम पर जोर दिया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news