मणिपुर हिंसा: मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर गोलीबारी कर चार नागा नागरिकों की हत्या कर दी। मरने वालों में दो महिलाएं हैं। यह घटना सेनापति जिले में एक कूकी महिला की हत्या के ठीक एक दिन बाद हुई। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने इंफाल-उखरुल सड़क पर न्यू हेवन इलाके में दो चार पहिया वाहनों को निशाना बनाया। दोपहर करीब एक बजे हुई गोलीबारी में दोनों गाड़ियों में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को वाहनों की विंडशील्ड पर गोलियों के निशान मिले हैं।
मृतकों की पहचान
मृतकों में शांगशक गांव की हाओलीला और उनके बेटे कपांगखुई शामिल हैं। दूसरी गाड़ी में ताशार गांव के ऑगस्ट नगालुंग और उनकी बहन खानमिला की मौत हुई। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया है और इलाके में अतिरिक्त बल भेजे गए हैं।
एक दिन पहले सेनापति में क्या हुआ था?
उखरुल की घटना से एक दिन पहले पड़ोसी सेनापति जिले में 42 वर्षीय कूकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और दो पुरुष घायल हुए थे। वहां दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच गोलीबारी हुई थी। उखरुल के एक कूकी संगठन ने इन हत्याओं में कूकी-जो समुदाय की किसी भी भूमिका से इनकार किया है। कूकी सीएसओ वर्किंग कमेटी ने कहा कि बिना ठोस और सत्यापित सबूतों के पूरे समुदाय को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री की अपील
मणिपुर के उपमुख्यमंत्री एल. दिखो ने हत्याओं की निंदा करते हुए लोगों से बातचीत और शांति का रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में काफी खून बह चुका है और हिंसा या बदले की कार्रवाई से कोई घाव नहीं भरता। उन्होंने सामाजिक संगठनों, गांव के प्रतिनिधियों और युवा नेताओं से बातचीत में शामिल होने को कहा।
कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर शांति का रोडमैप तैयार करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र ने कहा कि पिछले 24 घंटे में पांच लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने पूछा कि लोगों को सुरक्षा कब मिलेगी और सरकार इन हत्याओं की जिम्मेदारी कब लेगी। उनके मुताबिक न्याय सुनिश्चित किए बिना मणिपुर में शांति नहीं आ सकती।
सुरक्षा के क्या कदम उठे?
मणिपुर पुलिस के मुताबिक इलाके में बीएसएफ, सेना, असम राइफल्स और राज्य पुलिस के अतिरिक्त जवान भेजे गए हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चल रहा है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
पुराना संघर्ष: अब तक कम से कम 306 की मौत
मई 2023 में मैतेई और कूकी समुदायों के बीच शुरू हुए जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है। 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों बेघर हो चुके हैं। इसके अलावा पहाड़ी जिलों में कूकी और नागा समुदायों के बीच इस साल फरवरी से हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हुई है।