24 घंटे बाद भी नहीं मिली राहत: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित, इंडिगो की ईमेल सपोर्ट भी ठप

कंपनी ने कहा कि समस्या ट्रैफिक बढ़ने से नहीं, बल्कि कई सर्वरों के अचानक उपलब्ध न रहने से हुई और फिलहाल किसी संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 13 Nov 2026 03:41 PM
24 घंटे बाद भी नहीं मिली राहत: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित, इंडिगो की ईमेल सपोर्ट भी ठप
ऑडियो सुनें

24 घंटे बाद भी नहीं मिली राहत: माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड और वर्कप्लेस सेवाओं में आई ग्लोबल आउटेज दूसरे दिन भी जारी रही। समस्या शुरू हुए 24 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन कंपनी इसे अब तक सुलझा नहीं पाई है। शुक्रवार को भारत समेत कई देशों के यूजर्स को आउटलुक, टीम्स और कोपायलट इस्तेमाल करने में दिक्कत आई। माइक्रोसॉफ्ट के सर्विस हेल्थ पेज के मुताबिक शुक्रवार सुबह 11:16 बजे तक माइक्रोसॉफ्ट 365 के बिजनेस और एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ सामान्य यूजर्स को भी परेशानी हो रही थी। कंपनी ने इसे ‘सर्विस डिग्रेडेशन’ बताया।

साइबर हमले पर कंपनी का जवाब
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि फिलहाल उसे इस घटना के पीछे किसी साइबर हमले या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। कंपनी ने कहा, ‘फिलहाल हमें ऐसी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं है, जिसकी वजह से यह घटना हुई हो।’ कंपनी का ध्यान अचानक पैदा हुई तकनीकी समस्या और अपने बैकएंड सर्वर को सामान्य करने पर है। समस्या पूरी तरह ठीक होने के बाद पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट जारी की जाएगी, जिसमें असली वजह बताई जाएगी।

सर्वर के ऑफलाइन होने से शुरू हुई परेशानी
शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट ने सिस्टम पर बढ़ते ट्रैफिक को वजह बताया था। बाद में एक्स पर कंपनी ने कहा कि दिक्कत ट्रैफिक बढ़ने से नहीं, बल्कि कई सर्वरों के अचानक उपलब्ध न रहने से हुई। अब कंपनी सर्वर की उपलब्धता और सिस्टम का कामकाज सामान्य करने पर ध्यान दे रही है।

45 करोड़ यूजर्स का दावा
माइक्रोसॉफ्ट ने जनवरी 2026 में बताया था कि पेड कमर्शियल माइक्रोसॉफ्ट 365 इस्तेमाल करने वालों की संख्या 45 करोड़ के पार है। साल 2023 के आंकड़ों के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के 32 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स थे। ये आंकड़े माइक्रोसॉफ्ट के कुल यूजर बेस के हैं, आउटेज से प्रभावित यूजर्स की संख्या नहीं।

किन सेवाओं पर कितना असर?
सबसे ज्यादा असर एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल सिस्टम से जुड़ी सेवाओं पर पड़ा है। आउटलुक के वेब और डेस्कटॉप वर्जन पर यूजर्स को मेलबॉक्स खोलने में परेशानी हो रही है और कई यूजर्स ईमेल भेज या पा नहीं रहे या देरी हो रही है। कोपायलट चैट के वेब और डेस्कटॉप वर्जन पर भी असर है, चैट लोड नहीं हो रही या जवाब नहीं मिल रहे। कोपायलट से ईमेल, कैलेंडर और फाइल जैसे वर्क डेटा तक पहुंचने में भी दिक्कत है। टीम्स की ज्यादातर जरूरी सुविधाएं, जैसे कॉल, मीटिंग, ग्रुप चैट और चैनल मैसेज, काम कर रही हैं, पर मीटिंग शेड्यूल करने और कैलेंडर देखने जैसे काम प्रभावित हैं।

इंडिगो की ईमेल सपोर्ट भी प्रभावित
भारत में एयरलाइन इंडिगो ने एक्स पर बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवाओं में रुकावट से उसकी ईमेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हुई है और वह ग्राहकों के ईमेल प्राप्त नहीं कर पा रही। एयरलाइन ने कहा कि बाकी सभी सपोर्ट चैनल काम कर रहे हैं और तुरंत मदद चाहने वाले यात्री वेबसाइट या मोबाइल एप के जरिए ‘6E Skai’ से संपर्क कर सकते हैं।

रात 11 बजे से आने लगी थीं शिकायतें
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक भारत में गुरुवार रात करीब 11 बजे से यूजर्स ने शिकायतें दर्ज करनी शुरू कर दी थीं। शुक्रवार तड़के शिकायतें कुछ घटीं, पर सुबह 6 बजे के बाद फिर बढ़ीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news