राहुल गांधी का आरोप: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पीएम मोदी उनका फोन टैप करा रहे हैं। उन्होंने इसके साथ ही प्रधानमंत्री को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी।
वीडियो में क्या कहा?
भारतीय युवा कांग्रेस के एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में राहुल गांधी कहते दिखते हैं कि इसका सबूत उनके फोन में है और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि वह उनका फोन टैप करवाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, उस दिन सबको पता चल जाएगा कि विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है और देशविरोधी कौन है। राहुल ने यह भी दावा किया कि ऐसी कई और जानकारियां उनके फोन में मौजूद हैं।
युवा कांग्रेस की चुनौती
भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए लिखा कि कैमरे के सामने भाषण बहुत हुए, अब बिना टेलीप्रॉम्प्टर और बिना स्क्रिप्ट राहुल गांधी के सामने बैठकर सवालों के जवाब देने की हिम्मत दिखाएं।
भाजपा का पलटवार
फोन टैपिंग के आरोपों पर भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसी बातें करते रहते हैं।
पेगासस विवाद क्या था?
पेगासस जासूसी विवाद जुलाई 2021 में अंतरराष्ट्रीय मीडिया की एक संयुक्त जांच रिपोर्ट के बाद चर्चा में आया। इसमें दावा किया गया था कि इस्राइली कंपनी एनएसओ ग्रुप के पेगासस स्पाइवेयर के जरिए भारत समेत कई देशों में पत्रकारों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के फोन को निशाना बनाया गया। संभावित लक्ष्यों की सूची में राहुल गांधी और उनसे जुड़े कुछ लोगों के नंबर भी बताए गए थे। हालांकि किसी नंबर का सूची में होना इस बात का प्रमाण नहीं था कि उस फोन की सफलतापूर्वक जासूसी हुई। केंद्र सरकार ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया था।
सुप्रीम कोर्ट में मामला
यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जिसने अक्तूबर 2021 में जस्टिस आरवी रवींद्रन की निगरानी में एक स्वतंत्र तकनीकी समिति बनाई। अगस्त 2022 में अदालत ने समिति की रिपोर्ट पर विचार किया और बताया कि जांच के लिए जमा 29 फोन में से पांच में किसी तरह का मैलवेयर मिला, लेकिन यह पुष्टि नहीं हो सकी कि वह पेगासस ही था। मामले की सुनवाई अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।