मुख्यमंत्री साय ने की छठ पूजा, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, 23.17 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 16 Nov 2026 12:07 PM
मुख्यमंत्री साय ने की छठ पूजा, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, 23.17 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
ऑडियो सुनें

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर कुनकुरी के छठ घाट पहुंचकर अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ उगते सूर्य देव को उषा अर्घ्य अर्पित किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की.

सीएम साय ने की छठ पूजा, उगते सूर्य को अर्घ्य

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है. उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है. छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम पर्व है, जो हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है.

छठ पर कुनकुरीवासियों को सौगात

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी नगरवासियों को 23 करोड़ 17 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए उनका भूमिपूजन किया. इन विकास कार्यों में छठ तालाब का विस्तार एवं चौड़ीकरण, तालाब का रिज्युविनेशन, मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन, सड़क निर्माण और जिम निर्माण शामिल हैं. छठ तालाब के विकास एवं चौड़ीकरण के लिए 5 करोड़ 17 लाख रुपये तथा तालाब के रिज्युविनेशन कार्य के लिए 6 करोड़ 89 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं. इसी तरह मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण लगभग 3 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा.

 

इसके अलावा कुनकुरी छठ तालाब से बंदरा खसरा नाला तक सड़क निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपये और जिम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इन विकास कार्यों के पूरा होने से कुनकुरी में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा. छठ तालाब के विकास और चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं रिज्युविनेशन कार्य से तालाब के संरक्षण एवं सुधार में मदद मिलेगी. मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा. सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, जबकि जिम बनने से युवाओं को व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए सुविधा मिलेगी.

 

छठ पूजा की महिमा

छठ महापर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का चार दिवसीय पर्व है.इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है. दूसरे दिन खरना पर व्रती उपवास रखकर प्रसाद ग्रहण करते हैं. तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया जाता है. यह पर्व पवित्रता, अनुशासन, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav