सीजीपीएससी 2021 में 21वीं रैंक हासिल करके एकाउंट आफिसर बनी अंचला गिरी आज पूरे प्रदेश में चर्चा के केन्द्र में हैं! वे कल कांकेर में डेढ़ लाख की रिश्वत लेते पकड़ाईं थीं साथ ही उनका सहकर्मी भी पकड़ाया है।
अंचला अभी सस्पेण्ड हैं और जेल जाने की कगार पर हैं। जीएसटी सहायक आयुक्त आंचला गिरी पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की ट्रैप कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर ही सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इस मामले में एसीबी ने अधिकारी के साथ रिश्वत के लेनदेन में मध्यस्थ की भूमिका निभाने के आरोपी सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी 21 नवंबर को की गई थी। रिश्वत की रकम अधिकारी के घर पर दी जा रही थी, लेकिन एसीबी की टीम के पहुंचते ही उसे नाली में फेंक दिया गया।
वाहन छोड़ने के एवज में मांगी थी 2 लाख रुपये की रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने एसीबी जगदलपुर में जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त आंचला गिरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि अधिकारी ने उसके वाहन को ई-वे बिल से संबंधित मामले में रोक दिया था। आरोप है कि वाहन को छोड़ने के एवज में सहायक आयुक्त ने उससे 2 लाख रुपये की मांग की थी। इसमें डेढ़ लाख रुपये घर आकर देने और बाकी 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में काटने की बात कही गई थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाने का निर्णय लिया और इसकी शिकायत एसीबी जगदलपुर में कर दी।
सवाल यह है कि आखिर इस भ्रष्ट मानसिकता की वजह क्या है? क्या सरकारी पद अब जनसेवा और जिम्मेदारी का माध्यम न रहकर केवल रुतबा, पैसा और पहचान बनाने का जरिया बनता जा रहा है? क्या सोशल मीडिया की चमक-दमक ने युवाओं को वास्तविक जीवन की जिम्मेदारियों से दूर कर दिया है?
सरकारी अधिकारी का पद केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जिम्मेदारी है। उस पद पर बैठा व्यक्ति समाज के लिए उदाहरण होता है। उसकी ईमानदारी, कार्यशैली और व्यवहार से विभाग की छवि बनती है। याद रखिए, सरकारी कुर्सी पर बैठकर अमीर दिखना बड़ी बात नहीं है, बल्कि उस कुर्सी पर बैठकर ईमानदार बने रहना सबसे बड़ी उपलब्धि है। समाज की प्रतिष्ठा से बड़ा कोई व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं!