पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित: चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विस्तार से चर्चा…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sun, 22 Nov 2026 01:00 PM
पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित: चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विस्तार से चर्चा…
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार स्थगित हो गई है। 13 अक्टूबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

 

प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई प्रशासनिक और दमनात्मक कार्रवाई को निरस्त करने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्वस्त किया कि संबंधित कार्रवाइयों को निरस्त करने के लिए सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए जाएंगे।

 

इसके अलावा वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए तत्काल कमेटी गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया। संघ ने हड़ताल अवधि का वेतन देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी है।

मुख्यमंत्री निवास में हुई अहम बैठक, ये पदाधिकारी रहे मौजूद

राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश महामंत्री सतीश चंद्राकर के मुताबिक, मुख्यमंत्री निवास में हुई इस मुलाकात के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, उपाध्यक्ष आलोक तिवारी, मुरली मनोहर वर्मा, देव कश्यप और गुरु दीवान शामिल थे।

 

गौरतलब है कि पटवारी अपनी मांगों को लेकर राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। 41 दिनों तक चली इस हड़ताल के दौरान संघ ने कई बार अपनी मांगों को सरकार के सामने रखा। अब मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

हड़ताल खत्म होने से आम लोगों को मिलेगी राहत

पटवारियों की लंबी हड़ताल के चलते प्रदेशभर में राजस्व विभाग से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हुए थे। जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और गिरदावरी जैसे कार्यों के हजारों मामले लंबित हो गए थे। इसके साथ ही किसानों को भी राजस्व संबंधी कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

वहीं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जरूरी पटवारी प्रतिवेदन नहीं मिलने से लोगों को तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। अब पटवारियों के काम पर लौटने से इन लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आने की उम्मीद है।

फिलहाल मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन स्थगित कर दिया है। अब कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गठित होने वाली कमेटी की कार्रवाई और प्रशासनिक आदेशों का इंतजार है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav