अपने पार्टनर से बहुत प्यार करते हैं, तो इसका मतलब ये नहीं कि आपकी शादी भी अच्छी चलेगी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sun, 22 Nov 2026 12:35 PM
अपने पार्टनर से बहुत प्यार करते हैं, तो इसका मतलब ये नहीं कि आपकी शादी भी अच्छी चलेगी
ऑडियो सुनें

क्या आप भी मानते हैं कि जिस पति-पत्नी के बीच बहुत प्यार होता है, उनकी शादी सबसे अच्छी चलती है। अगर हां, तो एक बार अपनी सोच बदलकर देखिए। क्योंकि कई बार दो लोग एक-दूसरे से बहुत प्यार करने के बाद भी साथ रहकर खुश नहीं रह पाते। छोटी-छोटी बातों पर लड़ाई होती है, एक-दूसरे की बातें बुरी लगने लगती हैं और धीरे-धीरे रिश्ता बोझ जैसा लगने लगता है। वहीं कुछ कपल्स ऐसे होते हैं, जो सालों साथ रहने के बाद भी एक-दूसरे के साथ खूब खुश रहते हैं। आखिर ऐसा क्यों होता है। संदीप दास ने अपनी एक रील में इसकी दिलचस्प वजह बताई है। उनके मुताबिक, शादी को अच्छा बनाए रखने के लिए सिर्फ प्यार काफी नहीं है। इसके लिए दो और बातें बहुत जरूरी हैं।

 

सिर्फ प्यार करने से शादी अच्छी नहीं चलती

सिर्फ प्यार करने से शादी अच्छी नहीं चलती

संदीप दास का कहना है कि अगर आप अपने पार्टनर से बहुत प्यार करते हैं, तो इसका मतलब ये नहीं कि आपकी शादी भी अच्छी चलेगी। ये बात सुनकर आपको हैरानी हो सकती है, लेकिन जरा सोचिए। कितने ऐसे कपल्स हैं, जो एक-दूसरे से प्यार तो बहुत करते हैं, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर लड़ते रहते हैं। कभी किसी की बात बुरी लग जाती है, तो कभी एक-दूसरे को समझना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में प्यार होने के बाद भी दोनों के बीच दूरी बढ़ने लगती है। इसलिए शादी में सिर्फ प्यार जताना काफी नहीं है, एक-दूसरे के साथ अच्छा रिश्ता बनाना भी जरूरी है।

बिना बात किए भी साथ अच्छा लगे

बिना बात किए भी साथ अच्छा लगे

​संदीप दास ने अपनी रील में एक बहुत मजेदार बात कही है। उनके मुताबिक, अगर आप अपने पार्टनर से बिना किसी खास वजह के 12 घंटे तक बातें कर सकते हैं, तो ये अच्छी बात है। लेकिन अगर आप दोनों कई घंटे बिना कुछ बोले भी साथ बैठ सकते हैं और फिर भी बोर नहीं होते, तो ये भी दोस्ती की निशानी है। हर समय कुछ बोलना या एक-दूसरे को खुश करने के लिए कुछ खास करना जरूरी नहीं है। कभी साथ बैठकर चाय पीना, फोन चलाना या अपना पसंदीदा काम करना भी काफी होता है। जिस इंसान के साथ चुप रहना भी अच्छा लगे, उसके साथ रिश्ता अलग ही होता है।

एक अच्छी शादी में पति-पत्नी का दोस्त होना बहुत जरूरी है। सोचिए, क्या आप अपने पार्टनर को बिना डरे अपनी हर बात बता सकते हैं। क्या आप उसके साथ बैठकर बेवजह हंस सकते हैं। क्या दिनभर में हुई छोटी-छोटी बातें उसे बताने का मन करता है। अगर ऐसा है, तो आपके रिश्ते में दोस्ती भी है। जब पति-पत्नी अच्छे दोस्त होते हैं, तो उन्हें एक-दूसरे के सामने कुछ छिपाने या दिखावा करने की जरूरत नहीं पड़ती। वो अपनी खुशी, गुस्सा और परेशानी सब कुछ खुलकर बता सकते हैं। यही दोस्ती रिश्ते को खास बनाती है।

 

एक-दूसरे के काम और पसंद की इज्जत करें

एक-दूसरे के काम और पसंद की इज्जत करें

शादी में दूसरी जरूरी बात है एक-दूसरे की पसंद और काम की कद्र करना। जरूरी नहीं कि पति-पत्नी दोनों को एक जैसी चीजें पसंद हों। हो सकता है पत्नी को अपने काम में आगे बढ़ना अच्छा लगता हो और पति को दोस्तों के साथ समय बिताना पसंद हो। ऐसे में एक-दूसरे को रोकने या हर बात पर टोकने के बजाय उनकी पसंद को समझना चाहिए। अगर आपका पार्टनर कुछ अच्छा कर रहा है और उससे खुश है, तो उसकी खुशी में खुश होना सीखिए। शादी का मतलब ये नहीं कि दोनों अपनी पसंद छोड़ दें। बल्कि दोनों को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की आजादी मिलनी चाहिए।

प्यार के साथ दोस्ती और इज्जत भी जरूरी

प्यार के साथ दोस्ती और इज्जत भी जरूरी

संदीप दास की बातों का मतलब यही है कि शादी में सिर्फ एक-दूसरे से प्यार करना ही काफी नहीं है। ये भी जरूरी है कि आप दोनों एक-दूसरे के साथ खुश रहें। एक ऐसा रिश्ता बनाएं, जहां आप बिना किसी डर के अपनी बात कह सकें, साथ में हंस सकें और एक-दूसरे की पसंद को समझ सकें। प्यार के साथ दोस्ती और एक-दूसरे की इज्जत भी हो, तो शादी और अच्छी बन सकती है। इसलिए कभी खुद से पूछिए कि क्या आपका पार्टनर आपका सबसे अच्छा दोस्त भी है। क्योंकि जिंदगीभर साथ रहने के लिए सिर्फ प्यार नहीं, एक-दूसरे का साथ अच्छा लगना भी जरूरी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav