रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ ने भारतीय सिनेमा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। अपने तीसरे शनिवार को इस महाकाव्य फिल्म ने दो बड़े मुकाम हासिल किए हैं। महज 17 दिनों में यह फिल्म देश में ₹900 करोड़ की नेट कमाई के पार चली गई है। यही नहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई भी ₹1600 करोड़ से अधिक हो चुकी है। इतना ही नहीं, 17वें दिन की कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ को भी पछाड़ दिया है। धुनष की ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ ने एक दिन पहले जहां भगवान राम पर बनी फिल्म को मात दी थी, वहीं अब शनिवार को उसे भी पटकनी मिली है।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ₹900 करोड़ क्लब में एंट्री करना एक अहम चुनौती है। ऐसा इसलिए कि यश की ‘KGF 2’, से लेकर राजामौली की ‘RRR’, शाहरुख खान ‘जवान’ और रणबीर की ही ‘एनिमल’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में इस शानदार क्लब का हिस्सा बने बिना ही बॉक्स ऑफिस पर सिमट गईं। अब तक सिर्फ 3 भारतीय फिल्में ही इस मुकाम तक पहुंच पाई थीं। दिलचस्प है कि ये तीनों ‘पुष्पा 2’, ‘धुरंधर 2’ और ‘बाहुबली 2’ सीक्वल फिल्में थीं।
‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दिन 17
Sacnilk के मुताबिक, 17वें दिन ‘रामायण’ ने देश में 15,851 शोज से ₹27.40 करोड़ की नेट कमाई की है। एक दिन पहले शुक्रवार को हुई ₹15.75 करोड़ की तुलना में यह 74.0% की बढ़ोतरी है। शनिवार को फिल्म ने हिंदी वर्जन से शानदार ₹20.25 करोड़, मलयालम से ₹2.75 करोड़, तमिल से ₹2.00 करोड़, कन्नड़ से ₹1.65 करोड़ और तेलुगू से ₹75 लाख की कमाई की है। भारत में अब ‘रामायण’ का टोटल ग्रॉस कलेक्शन ₹1,083.70 करोड़ और नेट कलेक्शन ₹906.90 करोड़ हो गया है।
17 दिनों में ‘रामायण’ की देश में किस भाषा से कितनी नेट कमाई
- हिंदी – ₹689.25 करोड़
- कन्नड़ – ₹72.80 करोड़
- तेलुगू – ₹55.55 करोड़
- मलयालम – ₹45.05 करोड़
- तमिल – ₹44.25 करोड़
‘रामायण’ ने 17वें दिन ‘धुरंधर 2’ और ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ा
नमित मल्होत्रा और यश के बैनर तले बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ ने इसी के साथ 17वें दिन की कमाई के मामले में रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ को भी मात दी है। आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने रिलीज के 17वें दिन देश में ₹25.65 करोड़ का नेट बिजनस किया था। जबकि सुकुमार की ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने ₹24.75 करोड़ का नेट कारोबार किया था। हालांकि, 17 दिनों की टोटल कमाई में ये दोनों ही फिल्में ‘रामायण’ ने काफी आगे थीं। ‘धुरंधर 2’ ने 17 दिनों में ₹985.02 करोड़ और ‘पुष्पा 2’ ने ₹1,029.65 करोड़ की नेट कमाई कर ली थी।