केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने से देश के लोकतांत्रिक ढांचे के प्रति जनता का विश्वास कमजोर होता है। डिब्रूगढ़ के नागरिक समाज की ओर से रविवार को आयोजित नागरिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन संकीर्ण राजनीतिक हितों को संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और गरिमा से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए।
डिब्रूगढ़ से सांसद सोनोवाल ने कहा, ”निर्वाचन आयोग सहित देश की संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और विश्वास बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में विचारों में भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन संकीर्ण राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की गरिमा और उसकी संस्थाओं की विश्वसनीयता की रक्षा करना सभी का सामूहिक कर्तव्य है।” समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद करते हुए सोनोवाल ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने, सामाजिक विकास को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में जागरुक तथा जिम्मेदार नागरिकों की भूमिका पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभरा है। यह देश की विकास यात्रा को दर्शाता है।
सोनोवाल ने कहा कि राजनीति का मुख्य उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज की सेवा और जनता का कल्याण होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने में राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री ने देश की प्रगति को गति देने के लिए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी और सहयोग का आह्वान किया। असम के इतिहास, पहचान और मूल निवासी समुदायों के अधिकारों का उल्लेख करते हुए सोनोवाल ने कहा कि राज्य की भाषा, संस्कृति, विरासत और यहां के लोगों के हितों की रक्षा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों का मुद्दा असम के लिए एक गंभीर ंिचता का विषय है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए कानून और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप उचित कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।