नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया। इस यात्रा को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे आज के समझौते और परियोजनाएं: बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि भारत के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में दोनों देशों के सदियों पुराने संबंधों को मजबूत और आधुनिक बनाने पर चर्चा हुई। इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सहमतियां बनीं। साथ ही कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। बालेन शाह ने कहा कि इन समझौतों और परियोजनाओं का लाभ किसानों, युवाओं, छात्रों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। इससे रोजगार, नए बाजार, निवेश और कारोबार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई देंगी।
नेपाल में आईआईटी का ऑफशोर कैंपस खुलेगा, स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनेगा: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा। इसके साथ ही नेपाल के छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों की वैल्यू बढ़ाने के लिए नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा।
नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक मिलेगी पहुंच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नेपाल के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारत कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देगा। उन्होंने कहा कि इससे नेपाल के आर्थिक विकास और निवेश को गति मिलेगी। ऊर्जा सहयोग पर पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल की नदियों में स्वच्छ बिजली पैदा करने की अपार संभावनाएं हैं। आज लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई है और अरुण-3 परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन और नेपाल में जैपा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। इससे ईंधन और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति मजबूत होगी।
नेपाल के पीएम बालेन शाह बोले- भारत ने हर मुश्किल वक्त में हमारा साथ दिया
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण और भारत में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्तों की नींव आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर टिकी है। दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव इस रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है। बालेन शाह ने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं और मुश्किल समय में भारत की ओर से मिलने वाली मदद के लिए भारत सरकार और जनता का आभार व्यक्त किया।
भारत-नेपाल के बीच कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी ने किए कई एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह के साथ संयुक्त बयान में कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया है। वहीं, बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई है। नेपाल के दोधारा चांदनी में भी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम तेज किया जाएगा। इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश समेत भारत के अन्य राज्यों के साथ नेपाल की सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी।
विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के लिए जारी हुआ संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल अपने साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट जारी कर रहे हैं। यह विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के संकल्प को साकार करने का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पास स्पष्ट लक्ष्य, आपसी विश्वास और उन्हें पूरा करने की क्षमता है। माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध का आशीर्वाद भी दोनों देशों के साथ है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलकर भारत-नेपाल संबंधों में नया अध्याय लिखा जाएगा।
रामायण को दुनिया तक पहुंचाएंगे भारत-नेपाल के युवा क्रिएटर्स: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फिल्म और आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण की कहानी दुनिया भर के युवाओं और दर्शकों तक पहुंच रही है। भारत चाहता है कि दोनों देशों के युवा क्रिएटर्स मिलकर इस साझा विरासत को नए प्लेटफॉर्म के जरिए दुनिया तक पहुंचाएं। इसके लिए आगामी WAVES समिट में नेपाल के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया जाएगा। पीएम मोदी ने खेल, खासकर क्रिकेट में भी सहयोग बढ़ाने की बात कही। इसके तहत नेपाल में खेल सुविधाओं के विकास और खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में भारत सहयोग करेगा।
नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा की अपार संभावनाएं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नेपाल की नदियों में स्वच्छ ऊर्जा पैदा करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत का बड़ा ऊर्जा बाजार इन संभावनाओं को नेपाल की आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार बना सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल की युवा पीढ़ी प्रतिभा, ऊर्जा और बड़े सपनों से भरी है। भारत इन युवाओं के सपनों को पूरा करने में एक मजबूत और प्रतिबद्ध साझेदार बनना चाहता है। पीएम मोदी ने भारत-नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग और युवाओं के विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
अयोध्या आने वाले श्रद्धालु अब आसानी से जा सकेंगे जनकपुर: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह के साथ संयुक्त बयान में कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। पीएम मोदी ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत से दोनों देशों के पवित्र रिश्तों को नया आयाम मिलेगा। इस ट्रेन से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को नेपाल के जनकपुर धाम जाने में आसानी होगी और माता सीता के दर्शन करना भी सुविधाजनक होगा।
पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना अधूरी है हमारी राम की यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव से जुड़े हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने 2018 में जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के तीर्थस्थल नेपाल के बिना अधूरे हैं और हमारी राम की यात्रा भी नेपाल के बिना अधूरी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत के साथ दोनों देशों के इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम दिया जा रहा है।