कांग्रेस ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के तीन गांवों में डालमिया सीमेंट्स संयंत्र के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया रद्द करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का सोमवार को स्वागत किया और कहा कि यह फैसला उन निजी कंपनियों के लिए चेतावनी है, जो ग्राम सभाओं को दरकिनार करती हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि शीर्ष अदालत का यह फैसला इस बात की आशा भी जगाता है कि देश के कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उच्चतम न्यायालय ने सुंदरगढ़ जिले के तीन गांवों में डालमिया सीमेंट्स संयंत्र के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया रद्द करते हुए कहा कि इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों की आवश्यक सहमति नहीं ली गई थी। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने सितंबर 2024 में इस अधिग्रहण को बरकरार रखने वाले ओडिशा उच्च न्यायालय के फैसले को निरस्त कर दिया।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 18 नवंबर, 2026 को उच्चतम न्यायालय की दो न्यायाधीशों की पीठ ने दूरगामी महत्व का फैसला सुनाया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”फैसले में कहा गया है कि सुंदरगढ़ जिले में अनुसूचित जनजातियों के स्वामित्व वाली 270 एकड़ से अधिक कृषि भूमि का नवंबर 2021 में ओडिशा सरकार ने अवैध रूप से अधिग्रहण किया था।
करीब दो साल पहले आए ओडिशा उच्च न्यायालय के फैसले को पलटते हुए उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारर्दिशता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 41(3) का अक्षरश: और प्रक्रियात्मक रूप से उल्लंघन किया गया।” पूर्व पर्यावरण मंत्री ने कहा कि इस कानून को सितंबर, 2013 में संसद ने दो साल से अधिक समय तक चली व्यापक चर्चा और विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति तथा उत्साह के साथ पारित किया था।
रमेश ने कहा कि सरल शब्दों में उच्चतम न्यायालय ने अब स्पष्ट कर दिया है कि संविधान की पांचवीं अनुसूची के तहत आने वाले क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के लिए संबंधित ग्राम सभा की पूर्व सहमति अनिवार्य है, न कि केवल सलाह या औपचारिकता। उन्होंने कहा, ”ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें पांचवीं अनुसूची वाले क्षेत्रों की ग्राम सभाओं को निजी खनन कंपनियां संबंधित राज्य सरकारों के सहयोग से लगातार दरकिनार करती हैं, उनकी अनदेखी करती हैं या उन्हें प्रभावित करती हैं। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में ऐसे मामले देखने को मिले हैं।” रमेश का कहना था कि इस फैसले की एकमात्र आलोचना यह हो सकती है कि कानून के इतने स्पष्ट उल्लंघन पर निर्णय देने में पांच साल का समय नहीं लगना चाहिए था।