आईजी अजय यादव का मोहला-मानपुर दौरा, कानून व्यवस्था में कसावट लाने के निर्देश, पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं, जिमनेजियम की शुरूआत

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sat, 21 Nov 2026 08:27 PM
आईजी अजय यादव का मोहला-मानपुर दौरा, कानून व्यवस्था में कसावट लाने के निर्देश, पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं, जिमनेजियम की शुरूआत
ऑडियो सुनें

राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने कल मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों, कार्यालयीन अभिलेखों और पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित वार्षिक निरीक्षण परेड में उत्कृष्ट वेशभूषा और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

इसके साथ ही पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस दरबार में जवानों की समस्याएं सुनीं और रक्षित केंद्र में आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम तथा थाना मोहला परिसर में नवनिर्मित यातायात शाखा का उद्घाटन किया। निरीक्षण के पहले चरण में रक्षित केंद्र मोहला स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में वार्षिक निरीक्षण परेड आयोजित की गई। पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव के आगमन पर पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नेहा पवार और एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नोहरलाल मंडावी ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने सलामी दी। आईजी ने परेड का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट वेशभूषा तथा अनुशासित प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। मार्चपास्ट के दौरान पुलिस जवानों ने अनुशासन का प्रदर्शन किया। रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित पुलिस दरबार में आईजी अजय यादव ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों और सुझावों को सुना। इस दौरान पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने जिले में पुलिस की आधारभूत अधोसंरचना, सीमित संसाधनों और शासकीय आवासों की कमी से होने वाली परेशानियों की जानकारी दी।

आईजी यादव ने नवगठित जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक निराकरण का आश्वासन दिया। पुलिस दरबार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को सजग, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ रहना आवश्यक है। उन्होंने कोरोना काल में पुलिस की जनसेवा का उदाहरण देते हुए कहा कि उस कठिन समय में पुलिस के कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हुई थी।

आईजी अजय यादव, आइपीएस ने कहा कि आम जनता न्याय और सुरक्षा के लिए पुलिस पर विश्वास करती है। इस विश्वास को बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों को अपने व्यवहार और कार्यप्रणाली से जनता का भरोसा मजबूत करना चाहिए। पुलिस दरबार के बाद आईजी अजय यादव ने रक्षित केंद्र मोहला में नवनिर्मित आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम का उद्घाटन किया। इस जिम से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके बाद उन्होंने थाना मोहला परिसर में नवनिर्मित यातायात शाखा का उद्घाटन किया।

इस शाखा से जिले में यातायात व्यवस्था के संचालन, सड़क सुरक्षा और यातायात संबंधी कार्यों को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। थाना और एसपी कार्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की। कार्यालयीन व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। इसके बाद थाना मोहला का निरीक्षण कर भवन की साफ-सफाई, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव, अपराधों की जांच, विवेचना और अभिलेखों की स्थिति देखी।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज, एसडीओपी विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी संदीप टोप्पो, खोमन भंडारी, सुशील त्रिपाठी, संजय यादव, ईश्वर ध्रुव सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज ने आभार व्यक्त किया। जिला पुलिस ने आईजी के निर्देशों के अनुरूप पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, अनुशासित और जनहितैषी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group