पूर्व सीएम भूपेश बघेल और राज्य के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी के बची कल से शुरू हुई तकरार अभी भी जारी है। दरअसल विवाद की शुरूआत परसों शाम से हुई! चौधरी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बिरसा मुण्डा का नाम लिया तो पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने उनसे पूछ लिया कि जब मन में पाप हो तो ज़ुबान फिसल ही जाती है.
इसका जवाब श्री चौधरी ने कल देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर आपने तो एक पोस्ट तक नही लिखी. कम से कम आप जैसे घटिया राजनीति करने वाले व्यक्ति से तो कोई सर्टिफिकेट नहीं लूँगा।
इस पर आज पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने फिर से पलटवार करते हुए चौधरी को यह पत्र लिखा :
माननीय मंत्री ओपी चौधरी जी,
भगवान बिरसा मुंडा जी का नाम ग़लत लेकर अपमान आपने किया और बुरा भी आप ही मान गए. कमाल है.
यह एक फ़ोटो देखिए. भगवान बिरसा मुंडा की यह जीवंत प्रतिमा बस्तर के चारामा में लगी है. विधानसभा के तत्कालीन उपाध्यक्ष और भानुप्रतापपुर के विधायक स्व. मनोज मंडावी जी ने यह प्रतिमा लगवाई थी. तारीख़ थी, 13-08-2022.
हज़ारों लोगों की उपस्थिति में एक गरिमामय कार्यक्रम में इस मूर्ति का अनावरण हुआ था. और यह सिर्फ़ एक उदाहरण है उस समय का जब आरएसएस-भाजपा के मन में भगवान बिरसा मुंडा को लेकर प्रेम उपजना शुरु नहीं हुआ था.
हमने क्या क्या किया और क्या क्या नहीं किया इसके विवरण में कुछ नहीं धरा है.
असल सवाल आदिवासियों के सम्मान का है.
आदिवासियों का सम्मान ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाने भर से नहीं होता. उनका सम्मान उनके लिए जल, जंगल और ज़मीन बचाने से होता है. उनके लिए क़ानून बनाकर उसे लागू करने में होता है.
2003 से 2018 तक जब भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में थी तो आपने न वनाधिकार क़ानून ढंग से लागू किया और न पेसा क़ानून बनाया. कभी सोचा आपने कि भाजपा की सरकार के रहते क्यों प्रदेश में चार लाख से भी अधिक वनाधिकार के आवेदन रद्द क्यों किए गए? क्यों एक भी सामूहिक वनाधिकार का पट्टा नहीं दिया?
उल्टे सलवा जुड़ुम के नाम पर बस्तर में ख़ून की नदियां बहा दीं और सात सौ गांव खाली करवा दिए. फ़र्ज़ी एनकाउंटर, आदिवासी लड़कियों से दुराचार और नक्सली बताकर मासूम आदिवासियों की हत्या को भाजपा सरकार में मामूली बातें थीं.
आदिवासियों पर क्या गुज़री यह बखूबी जानते होंगे क्योंकि आप उस समय IAS रहते हुए भाजपा की सेवा कर रहे थे और बस्तर में भी गुल खिला रहे थे.
सरकारी आदेश से गौरव दिवस मनाने से कुछ नहीं होता. अच्छी नीयत से होता है. हमने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाने का जो सिलसिला शुरु किया था उसकी चर्चा और सराहना दुनिया भर में हुई. दुनिया भर से आदिवासी समूह छत्तीसगढ़ आए. वह आदिवासियों का उत्सव था. आदिवासियों ने ही मनाया.
आप लोग किस मुंह से आदिवासियों की बात करेंगे? आपकी आत्मा तो अडानी के पास गिरवी है और आप एक एक करके छत्तीसगढ़ का सारा जंगल अडानी के नाम करने पर तुले हुए हैं.
आप जिस इलाक़े से आते हैं चौधरी जी, वहां दुनिया के सबसे अच्छे जंगलों में से एक है. न जानते हों, न पढ़े हों तो किसी से पूछ लीजिएगा कि हसदेव के जंगलों का क्या महत्व है. आप लोग वो सारा जंगल काटने जा रहे हैं.
पहले भाजपा ने हसदेव के खदान राज्य सरकारों को आवंटित किए फिर सारे खदानों को अडानी के नाम लिख दिया. याद है कि 2023 में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री नियुक्त होने से पहले अडानी को जंगल देने के आदेश जारी करने लगे थे आप लोग?
अब तो पानी सर से गुज़रने लगा है. तमनार से लेकर तारा तक आपने सारे जंगल अडानी के नाम कर दिए. जंगलों के उजड़ने से कौन सबसे ज़्यादा प्रभावित होगा, आदिवासी ही ना? वही उजड़ेगा वही बेघरबार होगा और वही सबसे अधिक पीड़ा भोगेगा.
आप लोग ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का नाटक करते हैं और लाखों पेड़ों वाले जंगल कटवाने का आदेश जारी करते हैं.
अभी सरगुजा तबाही देख रहा है और आने वाले दिनों में बस्तर भी ऐसी ही तबाही देखेगा. जहां आप लोगों ने लैंड बैंक बनाना शुरु कर दिया है.
मेरी राजनीति को आप लाख बार ‘घटिया’ कहें, लेकिन फिर भी मुझे संतोष है कि मेरी राजनीति पर आदिवासियों के जंगल उजाड़ने और आदिवासी ख़ून की नदियां बहाने के दाग़ नहीं हैं.
जिस राजनीति को आप ‘घटिया’ समझते हैं उस राजनीति से छत्तीसगढ़ में किसानों के दिन बहुर गए. खेतिहर मज़दूरों को सम्मान मिला और युवाओं को बेरोज़गारी भत्ता भी.
आप जब IAS बने थे तो हम सबको गर्व हुआ था. हर एक छत्तीसगढ़िया बच्चे का आगे बढ़ना स्वाभाविक ख़ुशी देता है.
लेकिन आपके घपलों और कारनामों से दुख भी बहुत हुआ. और जब आप भाजपा की गोद में जा बैठे तो लगा कि सारी पढ़ाई लिखाई और समझदारी डूब गई.
आप राजनीति में अपेक्षाकृत नए हैं. अभी आपको बहुत दूर तक जाना है. आज एक सुझाव देता हूं कि राजनीति को समझने के लिए आरएसएस का चश्मा पर्याप्त नहीं होगा. यह देश आरएसएस और भाजपा की परिभाषा से बहुत बड़ा है. और आरएसएस हिंदुओं का ठेकेदार नहीं है. रहना है तो वहीं रहिए पर अपने पढ़े लिखे होने को बर्बाद मत कीजिए.
और जहां तक सीबीआई की बात है तो मुझे इस पर बात करने में कोई संकोच नहीं है. जब कहें सार्वजनिक रूप से चर्चा कर लेंगे. मैं जानता हूं कि मुझे बदनाम करने के लिए आपके दोनों आकाओं ने एक षडयंत्र रचा है. मैं लड़ना जानता हूं और लड़कर दुश्चक्रों से बाहर निकलना भी.
आपको बहुत स्नेहाशीष.