केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। संभावना है कि विधेयक को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इस नए विधेयक को मंजूरी दी है।
उन्होंने कहा कि इन संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में अन्य राज्यों की तुलना में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न हो। उन्होंने बताया कि दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार ने हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने पर सहमति जताई है। वर्ष 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
विशेष सत्र के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल नहीं होगा
सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा कि इसमें परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को सदन में रखा जा सकता है। सत्र को लेकर जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इन बैठकों के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल या गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज नहीं होगा। राज्यसभा के सदस्यों को भी इसी तरह का संदेश भेजा गया।
राज्यसभा सचिवालय की ओर से भेजे गए संदेश में कहा गया है- 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई राज्यसभा की बैठक माननीय सभापति ने आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए बुधवार, दो दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे फिर से बुलाई है। कामकाज की आवश्यकताओं के अधीन सत्र बृहस्पतिवार, तीन दिसंबर को समाप्त हो सकता है। जान लीजिए हर बड़े अपडेट्स।