छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल को कोर्ट ने 30 नवंबर तक ACB की रिमांड पर भेज दिया है। 1280 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल को UAE से भारत लाया गया है।
रायपुर कोर्ट ने विकास अग्रवाल को 30 नवंबर तक ACB की रिमांड पर सौंपा है। ED के मुताबिक, विकास अग्रवाल पर कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाने का आरोप है। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाया, जिसके बाद आरोपी को भारत लाने में सफलता मिली।
विकास अग्रवाल को रायपुर की न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने आरोपी को 30 नवंबर तक रिमांड पर ACB को सौंप दिया है। बता दें कि विकास अग्रवाल 1280 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फरार था। उन्हें अनवर ढेबर का करीबी बताया जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को विदेश से भारत लाने के लिए संबंधित एजेंसियों ने समन्वित कार्रवाई की।
इस पूरे शराब घोटाले में विकास अग्रवाल का नाम प्रमुखता से उभर कर आया था। विकास पर डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन लेने का आरोप है। इतना ही नहीं उन पर कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाने का भी आरोप लगा है। इसी महीने के पहले पखवाड़े में उसे दुबई में गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
ED के मुताबिक विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट का वित्तीय मैनेजर था। उस पर आरोप है कि वह डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। ईडी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।