यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर पर हुए हमले में 17 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Oct 2022 05:59 PM
यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर पर हुए हमले में 17 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

जापोरिज्जिया. यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर में बीती रात एक अपार्टमेंट पर हुए रूसी हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. जापोरिज्जिया नगर परिषद के सचिव अनातोली कुर्तेव ने ‘टेलीग्राम’ ऐप पर कहा कि बीती रात शहर पर रॉकेट हमले किए गए, जिसमें कम से कम 20 मकान और 50 अपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हो गए. उन्होंने कहा कि कम से कम 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

यूक्रेन की सेना ने भी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि इनमें दर्जनों लोग हताहत हुए हैं. हमले का शिकार हुई एक इमारत में रहने वाली तेतयाना लाजुन्को (73) और उनके पति ओलेस्की हमले की चेतावनी देते सायरन की आवाज सुनते ही अपार्टमेंट में सबसे ऊपरी तल पर जाकर छुप गए. हालांकि विस्फोट में उनकी जान तो बच गई लेकिन खौफ अब भी बाकी है.

लाजुन्को ने कहा, “एक विस्फोट हुआ. सबकुछ हिल रहा था. सबकुछ तहस-नहस हो गया और मैं बस चिल्ला रही थी.” यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने टेलीग्राम ऐप पर लिखा, ‘‘एक बार फिर आधी रात को जापोरिज्जिया पर हमला किया गया. एक बार फिर आम लोगों और रिहाइशी इमारतों को निशाना बनाया गया. जिन्होंने भी इसका आदेश दिया है, जिन्होंने भी इसे अंजाम दिया है, उन्हें जवाब देना होगा.’’ धमाके के कुछ घंटे बाद रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी नौसेना प्रमुख सर्गेई सुरोविकिन अब से यूक्रेन में सभी रूसी सैनिकों की अगुवाई करेंगे.

सुरोविकिन को गर्मी के दौरान दक्षिणी यू्क्रेन में सैनिकों का प्रभारी बनाया गया था. वह सीरिया में रूसी बलों का नेतृत्व कर चुके हैं. उन पर सीरिया के एलेप्पो पर बमबारी कराने का आरोप है, जिसके कारण शहर का अधिकतर हिस्सा बर्बाद हो गया. हाल के हफ्तों में जापोरिज्जिया को कई बार निशाना बनाया गया है. यह यूक्रेन के नियंत्रण वाले एक क्षेत्र में आता है, जिस पर रूस ने पिछले सप्ताह कब्जा कर लिया था. इस क्षेत्र का एक हिस्सा फिलहाल रूस के कब्जे में है. यहीं पर जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है, जिसे यूरोप का सबसे बड़ा ऊर्जा संयंत्र कहा जाता है.

इससे पहले शनिवार को क्रीमिया प्रायद्वीप को रूस से जोड़ने वाले एक पुल पर विस्फोट हुआ था, जिसके कारण पुल आंशिक रूप से ढह गया था. रूस इसी पुल के रास्ते दक्षिणी यूक्रेन में युद्ध के लिए सैन्य साजो-सामान भेजता है. रूसी परिवहन मंत्रालय ने रविवार को ‘टेलीग्राम’ पर कहा कि क्रीमिया और रूस के बीच यात्री ट्रेन की आवाजाही बीती रात ‘‘निर्धारित समय के अनुसार’’ फिर से शुरू हो गई है. रविवार को एक अन्य ‘टेलीग्राम’ पोस्ट में मंत्रालय ने कहा कि क्रीमिया और रूस की मुख्य भूमि के बीच कारों की आवाजाही जारी है. पहली आवाजाही स्थानीय समयानुसार 2 बजे से कुछ समय पहले शुरू हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu