कोविड-19 के कारण पिता को खोने वाली 25 वर्षीय महिला चुनी गई डिप्टी कलेक्टर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Dec 2023 07:30 PM
कोविड-19 के कारण पिता को खोने वाली 25 वर्षीय महिला चुनी गई डिप्टी कलेक्टर
ऑडियो सुनें

इंदौर. कोविड-19 के कारण अपने पिता को खोने वाली 25 वर्षीय सलोनी अग्रवाल ने मध्यप्रदेश की राज्य सेवा परीक्षा 2019 में आठवां स्थान हासिल किया है और वह उप जिलाधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) के पद पर चुनी गई हैं. सलोनी ने बुधवार को इंदौर में “पीटीआई-भाषा” को बताया,”जब मैं राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी, तो मेरे पिता का कोविड-19 से निधन हो गया था. पिता के नहीं रहने से घर में सारी चीजें उथल-पुथल हो गई थीं. मुझे अपनी मां और छोटे भाई का ध्यान भी रखना था.” उन्होंने कहा कि कोविड-19 की तालाबंदी के वक्त वह घर में ठीक से पढ.ाई नहीं कर पाती थीं क्योंकि चारों ओर नकारात्मकता का माहौल था.

सलोनी ने कहा,”…लेकिन मेरे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था. मैं कतई पीछे नहीं हट सकती थी. इसलिए मैंने अपनी तैयारी जारी रखी और हार नहीं मानी. आज मेरा सपना डिप्टी कलेक्टर बनने का सपना पूरा हो गया है.” सलोनी, खरगोन जिले के झिरन्या की रहने वाली हैं और उन्होंने ‘बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन’ (बीबीए) की उपाधि हासिल करने के बाद 2018 से मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान वह महिलाओं की बेहतरी के लिए उनकी शिक्षा पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित करना चाहेंगी. सलोनी ने कहा,”आप जब एक महिला को शिक्षित करते हैं, तो वह अपने आप को खुद सशक्त कर लेती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu