जम्मू-कश्मीर के डोडा में 5.4 तीव्रता का भूकंप, संपूर्ण उत्तर भारत में झटके महसूस किए गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 09:11 PM
जम्मू-कश्मीर के डोडा में 5.4 तीव्रता का भूकंप, संपूर्ण उत्तर भारत में झटके महसूस किए गए
ऑडियो सुनें

डोडा/भद्रवाह. जम्मू-कश्मीर के डोडा में मंगलवार दोपहर को 5.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके कारण कुछ इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और केंद्रशासित प्रदेश के लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए . अधिकारियों ने यह जानकारी दी. भूकंप के झटके दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों और पड़ोसी देश पाकिस्तान में महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि अपराह्न एक बजकर 33 मिनट पर 5.4 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र छह किलोमीटर की गहराई में था.

डोडा के भद्रवाह शहर में भूकंप के कारण कुछ इमारतों में दरारें पड़ गईं और उप जिला अस्पताल के एक वार्ड की ‘फॉल्स सीलिंग’ गिर गई. एक अधिकारी ने बताया कि कुछ मलबा अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीजों पर गिर गया. उन्होंने बताया कि मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है और उनका अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में इलाज जारी है.

भद्रवाह निवासी अजीम मलिक ने बताया कि भूकंप के झटकों से उसका मकान क्षतिग्रस्त हो गया. मलिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह तेज भूकंप था और मेरे मकान में दरारें आ गई हैं.” घबराए स्कूली छात्र भद्रवाह घाटी के खेतों में एकत्र हो गए और शिक्षकों को रो रहे छात्रों को तसल्ली देते और समझाते देखा गया.

भूकंप के झटके डोडा से करीब 150 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश के चंबा में महसूस किए गए. शिमला निवासी नंदिनी ने कहा, ”भूकंप के कारण मेरे रसोईघर की चीजें हिल रही थीं.” भूकंप पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया, लेकिन इस दौरान जान-माल का नुकसान होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं मिली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu