उम्मीद है कि 33 फीसदी महिला आरक्षण का लाभ भविष्य में प्रियंका गांधी को मिलेगा: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 May 2024 09:56 PM
उम्मीद है कि 33 फीसदी महिला आरक्षण का लाभ भविष्य में प्रियंका गांधी को मिलेगा: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

हमीरपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी वाद्रा पर लोकसभा चुनाव न लड़ने को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें चुनावी शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद में महिलाओं के लिए लाए 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल सकता है. ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाद्रा पर कांग्रेस का टिकट हासिल करने में नाकाम रहने को लेकर तंज भी कसा.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांधी परिवार के सदस्यों का सक्रिय राजनीति में स्वागत है और वास्तव में कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी चाहिए क्योंकि देश को संसदीय लोकतंत्र में एक मजबूत विपक्ष चाहिए. राहुल गांधी पर अपनी पुरानी अमेठी सीट छोड़ने को लेकर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पड़ोसी रायबरेली ”भाग गए” जिसका प्रतिनिधित्व निवर्तमान लोकसभा में उनकी मां सोनिया गांधी ने किया है. यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी को ”गंभीर न” बताने वाली भाजपा प्रियंका गांधी को एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी मानती है, ठाकुर ने कहा कि इसका फैसला जनता करेगी.

उन्होंने कहा, ”हम एक बेहतर और मजबूत विपक्ष चाहते हैं क्योंकि इससे सरकार को नियंत्रण में रखने और संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है. मीडिया और विपक्ष लोकतंत्र की ताकत हैं क्योंकि वे सवाल पूछकर सरकार को जवाबदेह ठहराते हैं. जो भी नेता आता है, हम उनका स्वागत करेंगे, चाहे सोनिया जी हों, राहुल जी या प्रियंका जी हों. परिवार के अन्य सदस्य भी आ सकते हैं, रॉबर्ट वाद्रा जी भी कुछ समय से प्रयास कर रहे हैं लेकिन राहुल गांधी उन्हें अहमियत नहीं दे रहे हैं.” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाद्रा दोनों संसदीय चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन उन्हें कांग्रेस से टिकट नहीं मिला.

ठाकुर ने वाद्रा दंपति पर निशाना साधते हुए कहा, ”मुझे समझ नहीं आता कि क्या चल रहा है. कोई टिकट मांग रहा है लेकिन उसे मिलता नहीं है. दूसरा कहता है कि मैं महिला हूं और लड़ सकती हूं लेकिन उसे लड़ने के लिए टिकट नहीं मिल पाता. उम्मीद है कि मोदी जी ने महिलाओं के लिए जो 33 फीसदी आरक्षण दिया है, वह जल्द ही प्रियंका जी के काम आएगा.” प्रियंका गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के शीर्ष स्टार प्रचारकों में से एक हैं लेकिन वह खुद चुनाव नहीं लड़ रही हैं. उन्होंने 2019 के राष्ट्रीय चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव का पद संभाला था लेकिन उन्होंने अभी लोकसभा या राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ा है.

कांग्रेस ने कहा है कि प्रियंका गांधी स्टार प्रचारक होने के बावजूद चुनाव नहीं लड़ रही हैं और चुनावी रणनीति के तहत राहुल गांधी को रायबरेली से उम्मीदवार बनाया गया है तथा प्रियंका भविष्य में किसी भी उपचुनाव के जरिए संसद में जा सकती हैं. राहुल गांधी के बारे में ठाकुर ने कहा, ”चार बार अमेठी से जीतने वाला व्यक्ति वहां से भाग गया है.” उन्होंने पूछा, ”हार और जीत राजनीति का अभिन्न अंग है. भाजपा ने एक वक्त अपना सबकुछ गंवा दिया था लेकिन वह तब भी जश्न मनाती थी जब उम्मीदवार अपनी जमानत बचा लेते थे. लेकिन आपकी (कांग्रेस) प्रतिबद्धता क्या है?” केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के प्रथम परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, ”जब आपके पास प्रतिबद्धता की कमी होती है तो बड़ी समस्या होती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu